पुलिस को देख दूल्हा फरार, लड़की करती रही मंडप में इंतजार ...फिर हुई ये बात
नाबालिग लड़की से शादी करना युवक को महंगा पड़ा। शादी के ठीक पहले पुलिस पहुंच गई। दूल्हा फरार हो गया और दुल्हन उसके इंतजार में बैठी रही।
मधेपुरा [जेएनएन]। पुलिस को देखकर दूल्हा फरार हो गया और दुल्हन इंतजार करती रह गई। मामला नाबलिग लड़की की शादी का है। मधेपुरा के वार्ड 22 में पुलिस ने एक नाबालिग लड़की की शादी रोकने में सफलता पाई।
बड़ी बहन करा रही थी शादी
जानकारी के अनुसार मधेपुरा सदर थाना निवासी एक लड़की की शादी सिंहेश्वर थाना क्षेत्र के गौरीपुर निवासी पवन ऋषिदेव के साथ हो रही थी। लड़की के माता-पिता की मौत हो चुकी है। वह अपनी बड़ी बहन के साथ मधेपुरा में रहती है। पवन ऋषिदेव रेलवे इंजन फैक्ट्री में मजदूरी करता है। बड़ी बहन के कहने पर ही उसके साथ शादी हो रही थी।
ऐन वक्त पर पहुंच गई पुलिस
इसी बीच किसी ने अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) को मामले की सूचना दे दी। सूचना पाकर एसडीओ मौके पर पुलिस के साथ पहुंचे। पुलिस को देखते ही दूल्हा फरार हो गया।
लड़की बाेली: मर्जी से कर रही थी शादी
पूछताछ के दौरान लड़की ने अपनी उम्र 18 वर्ष बताई, लेकिन आधार कार्ड में उम्र 12 वर्ष दर्ज है। लड़की ने बताया कि उसकी शादी स्वेच्छा से हो रही थी। लड़की की बड़ी बहन ने बताया कि वह बीमार रहती है। इसी कारण बहन की शादी करवा रही थी।
दोषी पर पुलिस करेगी कार्रवाई
सदर थानाध्यक्ष मनोज कुमार महतो ने बताया कि चिकित्सीय जांच के बाद ही लड़की की सही उम्र का पता चल पाएगा। दोषी पाए जाने पर लड़के के खिलाफ बाल विवाह अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।