विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गोभी की नर्सरी में डाल दी खरपतवार नाशक दवा, मधेपुरा में उपद्रवियों की हरकत से किसान को भारी नुकसान; शिकायत दर्ज

Published: Wed, 09 Sep 2026 04:14 PM (IST)

मधेपुरा के पुरैनी स्थित ओरलाहा गांव में किसान धीरेंद्र यादव की दो बीघा गोभी की नर्सरी को असामाजिक तत्वों ने ...और पढ़ें

किसान की नर्सरी। फोटो जागरण

किसान की नर्सरी। फोटो जागरण

HighLights

  1. किसान धीरेंद्र यादव की गोभी नर्सरी नष्ट।

  2. असामाजिक तत्वों ने खरपतवार नाशक छिड़का।

  3. पुरैनी थाने में शिकायत दर्ज कराई गई।

संवाद सूत्र, पुरैनी (मधेपुरा)। गणेशपुर पंचायत के ओरलाहा गांव में उपद्रवियों और असामाजिक तत्वों द्वारा एक किसान की गोभी की पौधों की नर्सरी को खरपतवार नाशक दवा का छिड़काव कर नष्ट कर दिए जाने का मामला सामने आया है।

इस घटना से किसान को आर्थिक नुकसान हुआ है और उसकी अगेती फूलगोभी की खेती की योजनाओं पर भी पानी फिर गया


ओरलाहा निवासी किसान धीरेंद्र यादव, जो कि अपने पिता शिवम यादव के साथ खेती पर निर्भर हैं, ने लगभग दो बीघा खेत में फूलगोभी की नर्सरी तैयार की थी।

नर्सरी तैयार करने में भारी खर्च 

नर्सरी में गोभी के पौधे पूरी तरह तैयार थे और उन्हें एक-दो दिनों में खेत में लगाने की योजना थी। इसी बीच, असामाजिक तत्वों ने नर्सरी में छिपकर खरपतवार नाशक दवा का छिड़काव कर दिया, जिससे अधिकांश पौधे नष्ट हो गए।

इस स्थिति में धीरेंद्र यादव के सामने दोबारा खेती की तैयारी करने की समस्या उत्पन्न हो गई है। उन्हें भारी आर्थिक नुकसान के साथ-साथ महीनों की मेहनत और पूंजी का भी नुकसान हुआ है।

धीरेंद्र ने बताया कि अगेती फूलगोभी की खेती के लिए बीज, खाद, दवा और नर्सरी तैयार करने में उन्होंने काफी राशि खर्च की थी। पौधों के नष्ट होने से उन्हें न केवल आर्थिक नुकसान हुआ है, बल्कि समय की भी बर्बादी हुई है।

थाने में शिकायत दर्ज 

पीड़ित किसान ने पुरैनी थाना में आवेदन देकर मामले की जांच और दोषियों के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई की मांग की है। घटना को लेकर ग्रामीणों में भी आक्रोश व्याप्त है।

ग्रामीण मिथिलेश यादव, मु. सज्जाद आलम, मु. रज्जाक, मु. सिद्धो, जितेंद्र महतो, चंद्रशेखर कुमार, बाबूलाल यादव, बद्दो यादव, मु. शकील, विलास महतो और इंदल कुमार ने कहा कि यह कुकृत्य अत्यंत दुखद और गंभीर है।

किसी किसान की मेहनत और आजीविका के साधनों को इस तरह नष्ट करना कानूनी और नैतिक रूप से घोर अपराध है। इसकी जितनी भी निंदा की जाए, वह कम होगी।

यह भी पढ़ें- नकली शराब की 1000 बोतलें, 122 लीटर कच्चा स्प्रिट... बंगाल में अवैध फैक्ट्री का भंडाफोड़, TMC नेता का करीबी रिश्तेदार गिरफ्तार