विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

नकली शराब की 1000 बोतलें, 122 लीटर कच्चा स्प्रिट... बंगाल में अवैध फैक्ट्री का भंडाफोड़, TMC नेता का करीबी रिश्तेदार गिरफ्तार

Published: Wed, 09 Sep 2026 03:57 PM (IST)

आबकारी विभाग ने सिलीगुड़ी के विधाननगर में एक नकली शराब फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया, जिसमें करीब 1000 बोतलें और भारी मात्रा में कच्चा माल जब्त किया गया।

बंगाल में नकली शराब की सप्लाई के मामले में TMC नेता का करीबी रिश्तेदार गिरफ्तार

बंगाल में नकली शराब की सप्लाई के मामले में TMC नेता का करीबी रिश्तेदार गिरफ्तार

HighLights

  1. सिलीगुड़ी में आबकारी विभाग ने नकली शराब फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया।

  2. छापेमारी में 1000 बोतल नकली शराब और कच्चा माल जब्त।

  3. तृणमूल नेता के करीबी रिश्तेदार विश्वजीत सरकार उर्फ बासू गिरफ्तार।

जागरण संवाददाता, सिलीगुड़ी। घर बाहर से सामान्य था, लेकिन अंदर नकली शराब की पूरी फैक्ट्री चल रही थी। बोतल से लेकर ढक्कन, लेबल और होलोग्राम तक सब तैयार था। तैयार माल को ठिकाने लगाने के लिए दो पिकअप वैन भी थीं।

आबकारी विभाग ने मंगलवार रात फांसीदेवा थाना क्षेत्र के विधाननगर के सहदरगछ में छापेमारी कर इस पूरे खेल का पर्दाफाश कर दिया।

मौके से करीब एक हजार बोतल नकली शराब के साथ बड़ी मात्रा में शराब बनाने और पैकिंग में इस्तेमाल होने वाली सामग्री बरामद हुई। मामले में विश्वजीत सरकार उर्फ बासू को गिरफ्तार किया गया है।

बासू की गिरफ्तारी ने इसलिए भी इलाके की राजनीति में हलचल बढ़ा दी है, क्योंकि वह तृणमूल कांग्रेस के प्रभावशाली नेता काजल घोष का करीबी रिश्तेदार बताया जा रहा है। उसकी पत्नी मिष्ठू सरकार विधान नगर-दो नंबर ग्राम पंचायत की वर्तमान प्रधान हैं। दिलचस्प बात यह है कि नकली शराब के मामले में बासू पहले भी कानून के शिकंजे में आ चुका है।

चार दिन पहले नेता गिरफ्तार, अब करीबी रिश्तेदार की बारी

फांसीदेवा थाना पुलिस ने महज चार दिन पहले ही जमीन पर अवैध कब्जे के आरोप में काजल घोष को गिरफ्तार किया था। इसके बाद अब उनके करीबी रिश्तेदार बताए जा रहे बासू की नकली शराब के मामले में गिरफ्तारी ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं।

2021 में भी पकड़ा गया था बासू

वर्ष 2021 में भी बासू को नकली शराब तस्करी के आरोप में सिलीगुड़ी के कालेजपाड़ा से एक तृणमूल नेता के करीबी के घर से गिरफ्तार किया गया था। उस समय वह विधाननगर-दो नंबर अंचल तृणमूल का अध्यक्ष था।

गिरफ्तारी के बाद पार्टी ने उसे निष्कासित कर दिया था। इसके बाद संगठन की कमान उसकी पत्नी मिष्ठू सरकार को सौंप दी गई थी।

नकली शराब के कारोबार का पूरा ‘किट’ बरामद

आबकारी विभाग की टीम ने घर की तलाशी ली तो वहां नकली शराब तैयार करने का पूरा इंतजाम मिला। 122 लीटर कच्चा स्प्रिट, पांच लीटर कार्मेल, 1700 से अधिक खाली कांच की बोतलें, 20 हजार नकली होलोग्राम, 38 हजार नकली लेबल और 5500 बोतल कैप बरामद किए गए।

इसके अलावा 2500 लीटर क्षमता के दो स्टील वैट, दो अल्कोहलमीटर और दो गैस सिलिंडर भी मिले। करीब एक हजार बोतल तैयार नकली शराब जब्त की गई है।

बिहार में सबसे अधिक थी सप्लाई

आबकारी विभाग ने नकली शराब की तस्करी में इस्तेमाल होने वाली दो पिकअप वैन भी जब्त की हैं। आबकारी विभाग के अधिकारियों ने बताया कि बिहार में शराबबंदी के बाद से ही बासू अपने घर में नकली शराब का कारखाना सजाया था। यहां से बिहार के साथ सिलीगुड़ी महकमा और दार्जिलिंग के ग्रामीण इलाकों में नकली शराब की तस्करी की जाती।

जलपाईगुड़ी आबकारी डिवीजन के स्पेशल कमिश्नर सुजीत दास और दार्जिलिंग जिला आबकारी अधीक्षक उगेन शेवांग ने बताया कि कई दिनों की निगरानी के बाद बीते मंगलवार की रात छापेमारी की गई।

नकली शराब और कच्चा माल के साथ गिरोह के सरगना को गिरफ्तार किया है। सरकार को राजस्व का नुकसान पहुंचाने के आरोप में आबकारी एक्ट के तहत उसे बुधवार सिलीगुड़ी अदालत में पेश किया गया है।

यह भी पढ़ें- बेंगलुरु में गणेश चतुर्थी से पहले 'बप्पा' की मूर्ति ले उड़े चोर, CCTV में कैद हुई वारदात