कुर्सी बचाने के लिए करनी पड़ रही है मशक्कत
मधेपुरा। प्रखंड क्षेत्र के आठ पैक्सों में पांचवें चरण आगामी 17 दिसंबर को होने वाले चुनाव में
मधेपुरा। प्रखंड क्षेत्र के आठ पैक्सों में पांचवें चरण आगामी 17 दिसंबर को होने वाले चुनाव में छह निवर्तमान अध्यक्ष फिर से कुर्सी पर काबिज होने के लिए अपना भाग्य आजमा रहे हैं। जबकि दो पैक्सों में निवर्तमान अध्यक्ष के चुनाव मैदान में नहीं आने से वहां नए प्रत्याशी इस पद पर काबिज होने के लिए एड़ी-चोटी का जोर लगाने पर तुले हैं। वैसे सभी निवर्तमान अध्यक्षों को इस बार अपनी कुर्सी बचाने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ रही है। मालूम हो कि नरदह, पुरैनी, औराय एवं दुर्गापुर पैक्स अध्यक्ष पद का चुनाव काफी रोचक हो गया है। नरदह के निवर्तमान पैक्स अध्यक्ष सह व्यापार मंडल अध्यक्ष अमित कुमार लाल, पुरैनी के निवर्तमान अध्यक्ष लड्डू शर्मा, औराय के निवर्तमान अध्यक्ष संजीव कुमार एवं दुर्गापुर के निवर्तमान अध्यक्ष नित्यानंद शर्मा को जहां हैट्रिक लगाने के लिए एड़ी-चोटी का जोर लगाना पड़ रहा है। वहीं गणेशपुर के निवर्तमान अध्यक्ष जालो मेहता एवं सपरदह के निवर्तमान अध्यक्ष पिटू यादव के लिए दूसरी बार चुनावी जंग जीतना पिछले चुनाव की तरह आसान नहीं दिख रहा है। इसके अलावे कुरसंडी पैक्स में पूर्व पैक्स अध्यक्ष योगेंद्र प्रसाद सिंह, डीलर अमरेन्द्र राय, पंकज यादव एवं शुभक लाल यादव तथा मकदमपुर पैक्स से पूर्व मुखिया दिलीप यादव एवं कविता देवी के बीच भी पैक्स अध्यक्ष पद के लिए घमासान जारी है। जब से पैक्स को आर्थिक योजनाओं से जोड़ा गया है तबसे अध्यक्ष पद के लिए लोगों का आकर्षण बढ़ गया है।
------------