वर्षा होने से शहर में जलजमाव, नप है बेखबर
बैठक में वैकल्पिक व्यवस्था के तहत जल निकासी की व्यवस्था करने का निर्णय लिया गया था लेकिन स्थ
बैठक में वैकल्पिक व्यवस्था के तहत जल निकासी की व्यवस्था करने का निर्णय लिया गया था, लेकिन स्थायी निदान होने पर ही लोगों को जलजमाव की समस्या से राहत मिल सकती है, लेकिन निकट भविष्य में स्थाई समाधान संभव नहीं दिख रहा है। वजह कि नप के पास अभी कोई बड़ी कार्य योजना नहीं है। पानी बहाव के लिए नाले भी नहीं हैं। नाला निर्माण के बाद ही इसका समाधान संभव हो सकता है। मुख्यालय के गुदरी चौक, सरयुग चौक के पास मुख्य सड़क एसएच पर पानी जमा हो गया। पश्चिम ब्रह्मण टोला और दुर्गा स्थान के पास से बैंक चौक तक मोहल्ले की सड़क पर पानी जमा होने से लोगों को परेशानी हो रही है। मोहल्ले के लोग खासे परेशान हैं, जबकि प्रखंड कार्यालय परिसर में जलजमाव की समस्या उत्पन्न हो गई।
मालूम हो कि हाल ही में उदाकिशुनगंज अनुमंडल मुख्यालय को नगर परिषद का दर्जा मिला है। नप के लिए अभी चुनाव नहीं हुआ है। पंचायत योजना से हो रहे विकास कार्य पर रोक लगा दी गई है। व्यवस्था सुदृढ़ करने की जिम्मेदारी नप के पास चला गया है, लेकिन नप के पास अभी जल निकासी की कोई योजना नहीं है। दरअसल उदाकिशुनगंज मुख्य बाजार होकर स्टेट हाईवे गुजरी है। यहां पर करीब आठ साल पहले सड़क का निर्माण हुआ है। निर्माण कार्य गैमन इंडिया द्वारा किया गया। बताया गया कि निर्माण कंपनी को मुख्य बाजार के दोनों तरफ नाला का निर्माण कार्य करना था, लेकिन नाला निर्माण कार्य नहीं किया गया है। बाजार की दोनों तरफ दुकान लगती हैं। बाजार भीड़ भाड़ वाला है। दुकान के पीछे लोगों का रहने का घर है। ऐसे जल निकासी के कोई साधन नहीं है। जब बारिश होती है तो पानी सड़क पर भर जाता है। लोगों ने जलजमाव की समस्या दूर करने की मांग अधिकारियों से की है।