BNMU में PG सत्र 2026-28 के लिए नामांकन प्रक्रिया शुरू, 20 अक्टूबर तक समर्थ पोर्टल पर करें ऑनलाइन आवेदन
भूपेंद्र नारायण मंडल विश्वविद्यालय में स्नातकोत्तर सत्र 2026-28 के लिए नामांकन प्रक्रिया शुरू हो गई है। इच्छुक छात्र-छात्राएं 20 अक्टूबर ...और पढ़ें

भूपेंद्र नारायण मंडल विश्वविद्यालय
HighLights
स्नातकोत्तर सत्र 2026-28 के लिए नामांकन प्रक्रिया शुरू।
20 अक्टूबर तक समर्थ पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन करें।
आवेदन के लिए आवश्यक दस्तावेज व शुल्क निर्धारित।
संवाद सहयोगी, मधेपुरा। भूपेंद्र नारायण मंडल विश्वविद्यालय में स्नातकोत्तर पाठ्यक्रम के प्रथम सेमेस्टर में नामांकन की प्रक्रिया शुरू होने जा रही है। विश्वविद्यालय की ओर से जारी सूचना के अनुसार स्नातकोत्तर सत्र 2026-28 के लिए योग्य छात्र-छात्राएं 20 अक्टूबर तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन की पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन होगी व इसके लिए बीएनएमयू ने समर्थ पोर्टल का लिंक जारी किया है।
बीएनएमयू के अध्यक्ष छात्र कल्याण प्रो. उमाशंकर चौधरी ने बताया कि स्नातकोत्तर में नामांकन के इच्छुक छात्र-छात्राओं के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर उपलब्ध है। आवेदन करते समय किसी भी प्रकार की गलती से बचें व विश्वविद्यालय के निर्देशों का पालन करें। किसी भी जानकारी के लिए अध्यक्ष छात्र कल्याण कार्यालय से संपर्क किया जा सकता है।
वैध ई-मेल आईडी व मोबाइल नंबर देना अनिवार्य
आवेदन के लिए छात्र-छात्राओं को समर्थ पोर्टल का उपयोग करना होगा। जिसका लिंक https://bnmuadm.samarth.edu.in है। आवेदन के दौरान एक वैध ई-मेल आईडी व मोबाइल नंबर देना अनिवार्य होगा। छात्र-छात्राओं को आवेदन के लिए जरूरी प्रमाणपत्रों एवं दस्तावेजों की स्कैन कांपी पहले से तैयार रखनी होगी।
आवेदन में आवेदक का हस्ताक्षर, फोटो, 10वीं का अंकपत्र एवं मूल प्रमाणपत्र, 12वीं का अंकपत्र व मूल प्रमाणपत्र, स्नातक का अंकपत्र व मूल प्रमाणपत्र समेत अन्य जरूरी दस्तावेज मांगे गए हैं। जिसमें जाति प्रमाणपत्र, आय प्रमाणपत्र, दिव्यांगता प्रमाणपत्र, ईडब्ल्यूएस प्रमाणपत्र एवं अन्य प्रमाणपत्र भी अपलोड करना होगा।
दस्तावेजों की स्कैन कॉपी निर्धारित आकार में करनी होगी अपलोड
विश्वविद्यालय की ओर से स्पष्ट किया गया है कि दस्तावेजों की स्कैन कॉपी निर्धारित आकार में ही अपलोड करनी होगी। आवेदन के सभी छात्र छात्राओं को तीन सौ रुपए शुल्क देना होगा। आवेदन शुल्क का भुगतान यूपीआई या डेबिट कार्ड के माध्यम से किया जा सकेगा।
आवेदन करते समय छात्र-छात्राओं को अपने लिंग एवं श्रेणी का चयन सावधानी से करना होगा। आवेदन जमा होने के बाद इसमें सुधार का अवसर नहीं मिलेगा। इसी तरह प्रोफाइल एक बार लाक सबमिट होने के बाद उसमें भी संशोधन संभव नहीं होगा।
प्राथमिकता के आधार पर कर सकते हैं अधिकतम 7 महाविद्यालय का चयन
छात्र-छात्राएं अपनी प्राथमिकता के आधार पर अधिकतम सात महाविद्यालयों का चयन कर सकते हैं। मेधा सूची में चयन के बाद यदि कोई छात्र छात्राएं नामांकन नहीं लेते हैं, तो उन्हें अगली मेधा सूची में स्थान नहीं दिया जाएगा। इसलिए जिन छात्र-छात्राओं का नाम मेधा सूची में आएगा, उन्हें निर्धारित समय पर नामांकन लेना होगा।
विश्वविद्यालय के निर्देश के अनुसार नामांकन प्रक्रिया रविवार एवं अवकाश के दिनों में भी जारी रहेगी। छात्र-छात्राओं से अपील की गई है कि वह आवेदन की अंतिम तिथि का इंतजार न करें व समय रहते अपना आवेदन पूरा कर दें।
