विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

Madhepura News: एक बार फिर बिहारीगंज में चीनी मिल खुलने की जगी आस, किसानों की चमकेगी किस्मत!

Published: Thu, 26 Nov 2026 02:24 PM (GMT+05:30)

बिहार सरकार की नई उद्योग नीति के तहत पांच चीनी मिलों को फिर से शुरू करने की घोषणा से बिहारीगंज में चीनी मिल खुलने की उम्मीद जगी है।

एक बार फिर से बिहारीगंज में चीनी मिल खुलने की जगी आस (AI Generated Image)

एक बार फिर से बिहारीगंज में चीनी मिल खुलने की जगी आस (AI Generated Image)

HighLights

  1. बिहार सरकार की घोषणा से बिहारीगंज में चीनी मिल की आस।

  2. दशकों बाद किसानों को गन्ने की खेती से लाभ की उम्मीद।

  3. नई उद्योग नीति से क्षेत्र में रोजगार और विकास संभव।

संवाद सूत्र, उदाकिशुनगंज/बिहारीगंज (मधेपुरा)। बिहार सरकार ने गत 17 नवंबर को पांच चीनी मिलें शीघ्र शुरू करने की घोषणा की। इससे नई उद्योग नीति के तहत बिहारीगंज में चीनी मिल खुलने की उम्मीद बढ़ी है।

तीन दशक पहले उदाकिशुनगंज अनुमंडल सहित जिले में 40-50 हजार हेक्टेयर में गन्ने की खेती होती थी। किसान सीमावर्ती पूर्णिया जिले की बनमनखी चीनी मिल में गन्ना बेचते थे। मिल बंद होने के बाद गन्ने की खेती घटकर महज कुछ सौ हेक्टेयर रह गई।

डॉ. रेणु कुशवाहा ने वर्ष 2006 में क्षेत्र में चीनी मिल स्थापित करने की घोषणा की थी। उनकी पहल पर 30 जुलाई 2016 को बिहार सरकार के तत्कालीन गन्ना विकास मंत्री नीतीश मिश्रा, आलमनगर विधायक नरेंद्र नारायण यादव और धामपुर सुगर मिल के संस्थापक विजय गोयल मधुवन पहुंचे थे।

कृषि विभाग के अधिकारियों ने वहां मिट्टी की जांच की थी। जांच में इलाके की जमीन गन्ने की खेती के लिए उपयुक्त पाई गई। भूमि सर्वेक्षण के बाद मिल लगाने पर सहमति बनी थी।

धामपुर सुगर मिल के लिए बिहारीगंज के गमैल और उदाकिशुनगंज के मधुवन तिनटेंगा मौजा में 280 एकड़ जमीन के अधिग्रहण की प्रक्रिया शुरू की गई। बिहारीगंज बाजार के जवाहर चौक के पास कार्यालय भी खोला गया। लेकिन मामला कोर्ट पहुंचने पर योजना ठंडे बस्ते में चली गई।

गन्ने की खेती से खुशहाल थे किसान:

एक समय इलाके में गन्ने की खेती के चलते कुटीर उद्योग के रूप में दर्जनों गुड़ मिलें चलती थीं। इससे किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत रहती थी और उन्हें बेटियों की शादी, बच्चों की पढ़ाई व भवन निर्माण जैसे कामों की चिंता नहीं रहती थी।

अब गन्ने की जगह मक्का की खेती ने ले ली है। खेती का रकबा घटने से गुड़ मिलें भी गिने-चुने स्थानों पर रह गई हैं।

चीनी मिल लगने से समृद्ध होंगे किसान, विकसित होगा इलाका:

उदाकिशुनगंज में चीनी मिल खुलने से किसानों को लाभ मिलने के साथ हजारों लोगों को रोजगार मिल सकता है। गन्ने की खोई यानी अपशिष्ट से इथेनाल बनाने की संभावना भी है।

वर्ष 2005 में सरकार के सर्वे के अनुसार अनुमंडल क्षेत्र में 14 हजार हेक्टेयर जमीन पर गन्ने की खेती होती थी। उचित दाम नहीं मिलने से अब इसका रकबा सिमट गया है।

किसानों को छोटे गुड़ मिल संचालकों को कम दाम पर गन्ना बेचना पड़ता है और भुगतान भी तुरंत नहीं मिलता।

क्षेत्र के किसान उपेंद्र मेहता, मिथलेश मेहता, सुरेश मंडल, राजीव कुमार, लालो मंडल, दयानंद पासवान, लाल यादव, महेंद्र यादव और बुचो सहनी का कहना है कि चीनी मिल खुलने से स्थिति सुधर सकती है। उनके अनुसार कोसी की दोमट मिट्टी गन्ने की खेती के लिए उपयुक्त है और यहां के गन्ने से बने गुड़ की अपनी पहचान है।

जब मैं विधायक बनी तो इलाके के विकास के लिए चीनी मिल का प्रस्ताव लाई। योजना पर काफी मेहनत की गई, लेकिन बाद के जनप्रतिनिधियों ने इस पर ध्यान नहीं दिया। इस कारण मिल नहीं लग पाई। - डॉ. रेणु कुशवाहा, पूर्व मंत्री

वहीं, विधायक निरंजन कुमार मेहता ने कहा कि भूमि अधिग्रहण का मामला न्यायालय में जाने के बाद धामपुर सुगर मिल के संस्थापक विजय गोयल ने प्रस्ताव वापस ले लिया था। मिल नहीं लगने से गन्ने की खेती लगातार सिमट रही है। इन्हीं वजहों से पूर्व में विधानसभा सत्र के दौरान बनमनखी चीनी मिल को फिर चालू करने का मुद्दा उठाया था। राज्य सरकार की नई उद्योग नीति के तहत जगह-जगह उद्योग लगाने का काम शुरू हुआ है। अब उदाकिशुनगंज इलाके में चीनी मिल खुलवाने का प्रयास करेंगे।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।