प्रमुख व उपप्रमुख पद की दावेदारी में जुटे
संवाद सूत्र ग्वालपाड़ा (मधेपुरा) प्रखंड में मतगणना समाप्त होने के बाद से ही विभिन्न राजनीतिक
संवाद सूत्र, ग्वालपाड़ा (मधेपुरा) : प्रखंड में मतगणना समाप्त होने के बाद से ही विभिन्न राजनीतिक दल के नेता व कार्यकर्ता प्रखंड प्रमुख व उपप्रमुख बनने की कवायद में जुट गए हैं। राजनीतिक बिसात बिछाने में सत्ता व विपक्ष के कई नेता व कार्यकर्ता सक्रिय हैं। पंचायत समिति सदस्यों को अपने-अपने पक्ष में करने जुटे हुए हैं। संभावित प्रत्याशियों के द्वारा समिति सदस्यों को नेपाल की सैर कराने का भी आमंत्रण दिया जा रहा है।
बताते चलें कि नवनिर्वाचित पंचायत प्रतिनिधियों का अभी शपथ ग्रहण भी नहीं हो पाया है। प्रखंड प्रमुख व उप प्रमुख बनने के लिए पंचायत समिति सदस्यों को अभी से रिझाने मनाने का प्रयास किया जा रहा है। प्रखंड में पंचायत समिति सदस्यों की कुल संख्या 15 है। इस बार जनता की कसौटी पर खरा उतरने वाले दो पंचायत समिति सदस्य अपनी सीट बचाने में कामयाब रहे। जनता की कसौटी पर खरे नहीं उतरने वाले 13 पंचायत समिति सदस्य को अपनी कुर्सी गंवानी पड़ी।