अब लाइन में लगने की झंझट खत्म, मोबाइल एप से घर बैठे बुक होगी खाद; बिहार में शुरू हुई नई व्यवस्था
मधेपुरा में किसानों के लिए एफएफएस ऐप लॉन्च किया गया है, जिससे वे घर बैठे आसानी से उर्वरक बुक कर सकेंगे और लंबी कतारों से बचेंगे।

एआई जनरेटेड फोटो
HighLights
किसान एफएफएस ऐप से घर बैठे उर्वरक बुक करें।
उर्वरक खरीद में पारदर्शिता, बिचौलियों की भूमिका समाप्त होगी।
क्यूआर कोड दिखाकर अधिकृत विक्रेता से खाद प्राप्त करें।
संवाद सहयोगी, मधेपुरा। जिला कृषि कार्यालय में किसानों को उर्वरक की सुगम एवं पारदर्शी उपलब्धता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से एफएफएस ऐप के माध्यम से उर्वरक बुकिंग की प्रक्रिया के संबंध में खुदरा विक्रेताओं के लिए प्रशिक्षण का आयोजन किया गया।
इस कार्यक्रम में जिला कृषि पदाधिकारी रितेश रंजन ने बताया कि किसान अब एफएफएस ऐप के माध्यम से अपनी आवश्यकता के अनुसार उर्वरक की बुकिंग कर सकते हैं। इसके लिए किसान को ऐप पर पंजीकरण एवं लॉगिन करने के बाद संबंधित विवरण दर्ज करना होगा।
किसान द्वारा आवश्यक उर्वरक एवं मात्रा का चयन कर बुकिंग की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। बुकिंग के बाद किसान को प्राप्त सूचना एवं बुकिंग विवरण के आधार पर संबंधित अधिकृत विक्रेता से उर्वरक प्राप्त किया जा सकेगा।
इस प्रक्रिया में किसानों को उर्वरक खरीद में किसी प्रकार की समस्या नहीं होगी। किसान अपनी स्वेच्छा एवं आवश्यकता अनुसार उर्वरक की खरीद कर सकेंगे।
अनुमंडल कृषि पदाधिकारी कुंदन कुमार ने बताया कि किस तरह से ऐप के माध्यम से उर्वरक की बुकिंग की जा सकती है और क्यूआर कोड के माध्यम से खुदरा उर्वरक विक्रेताओं के द्वारा किस प्रकार उर्वरक की बिक्री पोस मशीन द्वारा की जाएगी।
साथ ही अनुमंडल कृषि पदाधिकारी ने बताया कि इस ऐप के द्वारा वितरण व्यवस्था में पारदर्शिता आएगी तथा किसानों को अनावश्यक परेशानी से राहत मिलेगी।
किसानों को सलाह दी गई कि वह निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार ही उर्वरक की बुकिंग करें तथा किसी भी बिचौलिये के माध्यम से उर्वरक खरीदने से बचें।
एफएफएस ऐप से खाद की बुकिंग की प्रक्रिया
किसान अपने मोबाइल में सरकार के एफएफएस ऐप को डाउनलोड कर सकते हैं। एप में फार्मर रजिस्ट्री आईडी अथवा आधार नंबर दर्ज कर लॉगिन किया जाएगा।
आधार आधारित लॉगिन की स्थिति में आधार से जुड़े मोबाइल नंबर पर प्राप्त ओटीपी से सत्यापन होगा। फार्मर रजिस्ट्री आईडी से लॉगिन करने पर उपलब्ध भूमि संबंधी विवरण स्वत प्रदर्शित हो जाएगा।
जिन किसानों की फार्मर रजिस्ट्री आईडी नहीं बनी है, वह आधार नंबर के माध्यम से इस एप में ऐड लैंड डिटेल्स के विकल्प में जाकर अपनी जमीन का विवरण जोड सकते हैं। इसके बाद किसान को अपनी वर्तमान फसल का चयन करना होगा।
एफएफएस ऐप में पसंदीदा आउटलेट पहले से चुनने की सुविधा
एप में उपलब्धता एवं पात्रता के अनुसार किसान को आवश्यक उर्वरक जैसे यूरिया, डीएपी, एनपीके का प्रकार एवं मात्रा चुननी होगी। इसके बाद आसपास के अधिकृत उर्वरक विक्रेताओं की सूची दिखाई देगी। किसान उपलब्ध स्टाक वाले विक्रेता का चयन कर, बुकिंग कर सकता है।
एफएफएस ऐप में पसंदीदा आउटलेट पहले से चुनने की सुविधा भी दी गई है। बुकिंग पूरी होने के बाद मोबाइल स्क्रीन पर क्यूआर कोड एवं टोकन नंबर व बुकिंग आईडी उपलब्ध होगी।
किसान निर्धारित समय में चयनित विक्रेता के यहां पहुंचकर इसे दिखाकर खाद प्राप्त कर सकेगा। किसान को जारी क्यूआर कोड तीन दिनों तक मान्य रहेगा। निर्धारित अवधि में अधिकृत विक्रेता से प्रक्रिया पूरी कर उर्वरक प्राप्त करना होगा।
यह भी पढ़ें- समस्तीपुर में खेती से जुड़ी 8 योजनाओं के लिए आवेदन शुरू, किसानों की बढ़ेगी आमदनी
