इस बार चौथा प्रवास होगा मुख्यमंत्री का मधेपुरा में
मधेपुरा, संवाद सहयोगी : मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पड़ोसी जिले सुपौल के राघोपुर में एक चुनावी जनसभा को संबोधित करने के बाद शुक्रवार शाम साढे़ पांच बजे मधेपुरा सड़क मार्ग से कार में सवार होकर पहुंचेंगे। ज्ञात रहे कि पहले हुजूर उड़न खटोला से पहुंचने वाले थे। लेकिन अचानक कार्यक्रम में थोड़ा सा फेरबदल कर दिया गया। यह जानकारी जदयू कार्यालय की ओर से जारी की गई कार्यक्रम की विज्ञप्ति में दी गई है। मधेपुरा में रात्रि विश्राम करने के बाद 19 अप्रैल को वह 10 बजे अनूप लाल यादव महाविद्यालय त्रिवेणीगंज में जनसभा को संबोधित करेंगे। 11:20 बजे लालजी उच्च विद्यालय रानीगंज प्रखंड में जनसभा अररिया, उसके कटिहार में एक बजे ढोल मैदान सालमारी, दो बजे भागलपुर के उच्च विद्यालय कदवा दियारा तथा 4:20 बजे पूर्णिया के सुमरित उच्च विद्यालय बनमनखी में जनसभा को संबोधित करेंगे। इसी प्रकार साढे़ 9:30 सुबह मधेपुरा से प्रस्थान कर भागलपुर के खेल मैदान पुरैनी जगदीशपुर, पौने बारह बजे पूर्णिया के उच्च विद्यालय कोढ़ा के मैदान पर, सवा बजे किशनगंज हाई स्कूल मैदान बायसी में जनसभा, 2:35 बजे अररिया जोकीहाट हाई स्कूल मैदान जोगीहाट में जनसभा, सुपौल में सुरपत सिंह उच्च विद्यालय मैदान छातापुर में जनसभा को संबोधित करेंगे। 5:25 बजे मधेपुरा पहुंच जाएंगे। हुजूर का यह मधेपुरा में चौथा प्रवास है। पहली बार वह यहां तीन दिन रुके थे, दूसरी बार जब 13 दिन की सरकार गिर गई थी। तब दो दिन रुके थे। सात दिनों तक सेवा के दौरान यहां रुके थे। इस प्रकार इस बार की उनकी यात्रा मधेपुरा में चौथा प्रवास माना जा रहा है। हालांकि उन्होंने इस बार की यात्रा को कोई नाम विशेष रुप से नहीं दे रखा है। इसलिए इसे विशुद्ध राजनीतिक यात्रा ही मानी जा सकती है। बहरहाल जो भी हो उनकी इस बार की यात्रा काफी महत्वपूर्ण मानी जा रही है। राजनीतिक माहौल भी गर्म हो गया है।