सूर्यगढ़ा में शौचालय व्यवस्था की बदहाली: 'हर घर शौचालय' योजना की खुली पोल, सफाई न होने से गंदगी का अंबार
सूर्यगढ़ा में शौचालय व्यवस्था की बदहाली ने 'हर घर शौचालय' योजना की पोल खोल दी है। प्रखंड कार्यालय और बाजार ...और पढ़ें
-1775641740447_m.webp)
सूर्यगढ़ा में गंदगी से भरा शौचालय। फोटो जागरण

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
संवाद सूत्र, सूर्यगढ़ा (लखीसराय)। सूर्यगढ़ा प्रखंड मुख्यालय से लेकर बाजार तक शौचालय व्यवस्था की बदहाली ने ‘हर घर शौचालय’ योजना की जमीनी हकीकत उजागर कर दी है।
सरकारी दावों के विपरीत यहां लोगों को बुनियादी सुविधा के लिए भी जूझना पड़ रहा है। प्रखंड कार्यालय परिसर में बने शौचालय गंदगी और उपेक्षा के कारण बदहाल स्थिति में पहुंच चुके हैं।
आंबेडकर भवन सभागार के समीप स्थित इन शौचालयों का नियमित रखरखाव नहीं होने से अधिकांश उपयोग के लायक नहीं रह गए हैं, जबकि यहां प्रतिदिन 24 पंचायतों और नगर परिषद क्षेत्र से सैकड़ों लोग विभिन्न कार्यों जैसे जाति, आय, आवासीय, ईडब्ल्यूएस प्रमाण पत्र, जमीन और आधार कार्ड से जुड़े काम के लिए पहुंचते हैं। इसके बावजूद स्वच्छता की अनदेखी से महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

(सूर्यगढ़ा में सार्वजनिक शौचालय के गेट में लगा ताला)
दूसरी ओर, सूर्यगढ़ा बाजार में सार्वजनिक शौचालय का अभाव स्थिति को और गंभीर बना रहा है। बेगूसराय जिले के शाम्हो दियारा क्षेत्र समेत आसपास के कई पंचायतों के लोग इस बाजार पर निर्भर हैं, लेकिन यहां मूलभूत सुविधा नदारद है। मजबूरन लोग इधर-उधर भटकते हैं या दुकानदारों से सहायता लेने को विवश हैं।
नगर परिषद द्वारा शिव दुर्गा महावीर मंदिर के पीछे शौचालय सह बाथरूम का निर्माण कराया गया है, लेकिन अधिकांश समय उसमें ताला लटका रहता है। इससे आम लोगों को कोई राहत नहीं मिल पा रही है। स्थानीय व्यापारियों का कहना है कि बाजार में रोजाना भारी भीड़ उमड़ती है, ऐसे में कम से कम चार स्थानों पर सार्वजनिक शौचालय की तत्काल आवश्यकता है।
लोगों ने प्रशासन और नगर परिषद से नियमित साफ-सफाई, निगरानी और नए शौचालयों के निर्माण की मांग की है। फिलहाल, सूर्यगढ़ा में शौचालय संकट आमजन के लिए बड़ी परेशानी बना हुआ है। यदि समय रहते ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो आने वाले दिनों में यह समस्या और गंभीर रूप ले सकती है।
बाजार करने आने वाले ग्राहक जरूरत पड़ने पर शौचालय के बारे में पूछते हैं, लेकिन हमारे पास उन्हें बताने के लिए कोई जगह नहीं होती। चूंकि बाजार और दुकान पर इतनी अधिक होती है कि उन्हें घर नहीं ले जाया सकता है। इससे व्यापार भी प्रभावित होता है।
विष्णु लुहारका, सूर्यगढ़ा बाजार
दुर्गा मंदिर के पीछे शौचालय बना है, लेकिन हमेशा बंद रहता है। अगर उसे चालू रखा जाए तो लोगों को काफी राहत मिल सकती है। बाजार में अन्य जगहों पर शौचालय एवं मूत्रालय नहीं है। इस कारण बाजार करने आने वाले लोगों को दिक्कतें होती है।
प्रिंस कुमार, सूर्यगढ़ा बाजार
सूर्यगढ़ा बाजार में महिलाओं को सबसे ज्यादा परेशानी होती है, लेकिन इस ओर किसी का ध्यान नहीं है। यह समस्या जल्द दूर होनी चाहिए। प्रखंड परिसर में शौचालय है भी तो गंदगी के कारण उसका इस्तेमाल नहीं किया जा सकता है।
अनमोल देवी, अवगिल
सूर्यगढ़ा बाजार प्रखंड मुख्यालय है। इस कारण ग्रामीण क्षेत्र से काफी लोग बाजार आते हैं। सार्वजनिक शौचालय नहीं रहने के कारण ग्राहक भी परेशान होते हैं और हम लोग भी। कई बार ग्राहक नाराज होकर चले जाते हैं, जिससे व्यापार प्रभावित होता है।
विमल वर्मा, सूर्यगढ़ा बाजार
