नौ दिवसीय नवग्रह महायज्ञ का शुभारंभ, निकली कलश शोभायात्रा
लखीसराय। प्रखंड क्षेत्र के खुटुपार पंचायत के नत्थुडीह गांव में अधिक लाल व्यास के नेतृत्व में नौ दिवस
लखीसराय। प्रखंड क्षेत्र के खुटुपार पंचायत के नत्थुडीह गांव में अधिक लाल व्यास के नेतृत्व में नौ दिवसीय नवग्रह महायज्ञ शुक्रवार को प्रारंभ हुआ। इस मौके पर ढोल-बाजे के साथ कलश शोभायात्रा निकाली गई। कलश शोभायात्रा में शामिल कुंवारी कन्याएं किऊल नदी स्थित नत्थुडीह घाट से जल भर कर नत्थुडीह, शाहपुर, रायकुंडी, वंशीपुर, महादेव नगर, पचाम, खुटुपार गांव का भ्रमण कर नत्थुडीह गांव स्थित यज्ञ स्थल पहुंची। जहां कलश की स्थापना की गई। वेदाचार्य पचाम निवासी आचार्य जितेन्द्र पांडेय के द्वारा वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ यज्ञ प्रारंभ कराया गया। शोभायात्रा में घोड़ा, दूत-भूत व ढोल-बाजे के साथ धार्मिक जयघोष से पूरा क्षेत्र का माहौल भक्तिमय हो गया। कलश शोभायात्रा में शामिल महिलाएं एवं कन्याएं सत्य की जय हो, असत्य का नाश हो, विश्व का कल्याण हो, प्राणियों में सछ्वावना हो, धर्म की जय हो, अधर्म का नाश हो आदि जयकारे लगा रही थी। यज्ञ में हवन पर व्रती अधिक लाल व्यास बैठे हैं। कलश शोभायात्रा में यज्ञ समिति के ओपी यादव, दयानंद यादव, मोहन यादव, वितु यादव आदि शामिल थे।