खाते में आए 2-2 हजार रुपये! लखीसराय के किसानों को मिली PM किसान की किस्त, कृषि यंत्र व वर्मी कंपोस्ट की स्वीकृति
PM Kisan 24th Installment Lakhisarai: प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की 24वीं किस्त लखीसराय के 51 हजार किसानों के खातों में ...और पढ़ें

PM Kisan 24th Installment Lakhisarai: लखीसराय के रामगढ़ चौक प्रखंड कृषि कार्यालय में पीएम किसान सम्मान निधि की 24वीं किस्त के लाइव प्रसारण में जुटे किसान और अधिकारी
HighLights
लखीसराय के 51 हजार किसानों को मिली पीएम किसान किस्त।
65 किसानों को कृषि यंत्रों पर सब्सिडी के लिए स्वीकृति।
82 किसानों को वर्मी कंपोस्ट इकाई लगाने की मंजूरी मिली।
संवाद सूत्र, रामगढ़ चौक (लखीसराय)। PM Kisan 24th Installment Lakhisarai: प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की बहुप्रतीक्षित 24वीं किस्त शुक्रवार को देश भर के अन्नदाताओं के खातों में जारी कर दी गई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुजरात से एक विशेष कार्यक्रम के दौरान डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (डीबीटी) प्रणाली के माध्यम से पात्र किसानों के बैंक खातों में दो-दो हजार रुपये की सम्मान राशि अंतरित की।
इस अवसर पर लखीसराय जिले के रामगढ़ चौक प्रखंड कृषि कार्यालय में किस्त हस्तांतरण कार्यक्रम का सीधा वेबकास्ट (लाइव प्रसारण) दिखाया गया, जिसमें क्षेत्र की विभिन्न पंचायतों से पहुंचे सैकड़ों किसानों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।
जिले में पीएम किसान योजना का व्यापक असर देखने को मिला है। रामगढ़ चौक प्रखंड के करीब 4,500 किसान और पूरे लखीसराय जिले के लगभग 51 हजार निबंधित कृषक इस योजना से सीधे लाभान्वित हुए हैं।
रबी महाअभियान में 65 किसानों को मिले कृषि यंत्र स्वीकृति पत्र
किस्त जारी होने के साथ ही प्रखंड कृषि कार्यालय परिसर में रबी महाअभियान सह कार्यशाला का भी आयोजन किया गया। इस दौरान प्रखंड कृषि पदाधिकारी (बीएओ) चंद्रप्रकाश मिश्रा, प्रखंड तकनीकी प्रबंधक (बीटीएम) राजीव कुमार राय और कृषि समन्वयकों ने किसानों को विभाग की कल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी।
बीएओ चंद्रप्रकाश मिश्रा ने बताया कि कृषि यंत्रीकरण योजना के तहत प्रखंड के 65 चयनित किसानों को आधिकारिक स्वीकृति पत्र प्रदान किए गए हैं। किसान अब इस पत्र के आधार पर अधिकृत विक्रेताओं से आधुनिक कृषि यंत्रों की खरीदारी कर सकेंगे, जिसके उपरांत निर्धारित सरकारी अनुदान (सब्सिडी) की राशि सीधे उनके बैंक खाते में भेज दी जाएगी।
82 किसानों को वर्मी कंपोस्ट इकाई की मंजूरी
मिट्टी की सेहत सुधारने और पर्यावरण अनुकूल खेती को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जैविक खेती प्रोत्साहन योजना के अंतर्गत 82 किसानों को वर्मी कंपोस्ट (केंचुआ खाद) निर्माण इकाई स्थापित करने की प्रशासनिक स्वीकृति दी गई।
अधिकारियों ने कहा कि वर्मी कंपोस्ट के प्रयोग से किसान रासायनिक उर्वरकों (यूरिया व डीएपी) पर अपनी निर्भरता कम कर सकेंगे और मिट्टी में जीवांश कार्बन की मात्रा बढ़ने से दीर्घकालिक उर्वरा शक्ति बनी रहेगी।
गेहूं, चना व मक्का के बीजों का आवंटन पूरा
रबी महाअभियान के दौरान अधिकारियों ने किसानों को आश्वस्त किया कि रबी सीजन 2026-27 के लिए गुणवत्तापूर्ण प्रमाणित बीजों की कोई कमी नहीं होने दी जाएगी। प्रखंड को गेहूं, चना, मसूर, मटर, हरा चना और संकर मक्का के बीजों का आधिकारिक लक्ष्य एवं आवंटन प्राप्त हो चुका है।
प्राप्त लक्ष्य का पंचायतवार रोस्टर तैयार कर लिया गया है। जैसे ही जिला बीज निगम से स्टॉक उपलब्ध होगा, पोर्टल पर निबंधित किसानों को ओटीपी (OTP) सत्यापन के जरिए बीजों का वितरण शुरू कर दिया जाएगा।
जल्द शुरू होगा वितरण
कार्यक्रम में प्रखंड बीस सूत्री अध्यक्ष नरेंद्र साव, सदस्य शत्रुघ्न सिंह, महेंद्र पासवान, प्रगतिशील किसान शुभम कुमार, उमेश पासवान, शत्रुघ्न यादव, राजेश कुमार, प्रवीण कुमार, राजस्व अधिकारी दीपक कुमार, कृषि समन्वयक श्रीकांत कुमार, प्रवेश कुमार तथा किसान सलाहकार अजय कुमार, मदन पासवान, रंजीत कुमार व अशोक सिंह सहित बड़ी संख्या में कृषक उपस्थित थे।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।