बिहार में विषाक्त भोजन से बीमार पड़े सवा सौ से अधिक बच्चे, दो दर्जन की हालत गंभीर
बिहार के लखीसराय में विषाक्त भोजन खाने से नवोदय विद्यालय के सवा सौ से अधिक बच्चे बीमार हो गए। उनमें दो दर्जन की हालत गंभीर बनी हुई है।
लखीसराय [जेएनएन]। विषाक्त भोजन खाने के कारण सवा सौ से अधिक बच्चे बीमार हो गए। घटना के बाद उन्हें शुक्रवार की सुबह आनन-फानन में अस्पताल भेजा गया, जहां उन्हें उचित मेडिकल सुविधा देने में विलंब हुआ। मीडिया में खबर आने के बाद जिलाधिकारी के हस्तक्षेप पर बच्चों को मेडिकल सुविधा दी गई। बीमार बच्चों में करीब दो दर्जन की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना लखीसराय के बड़हिया स्थित जवाहर नवोदय विद्यालय की है।
मिली जानकारी के अनुसार गुरुवार देर रात विद्यालय में रात का खाना खाने के बाद लगभग 50 से अधिक छात्र-छात्राएं बीमार हो गए। सभी का इलाज के लिए बड़हिया रेफरल अस्पताल में भर्जी कराया गया। सुबह तक बीमार बच्चों की संख्या सवा सौ पार कर चुकी थी।
बच्चों के अनुसार उन्होंने रात के फ्राय चावल तथा पनीर व आलू की सब्जी खाई थी। खाने के बाद रात 12 बजे से बच्चों ने पेट मे दर्द, बुखार एवं उल्टी की शिकायत की। इसके बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया। बताया जाता है कि वहां मेडिकल सुविधा का अभाव दिखा। गंळाीर बच्चों को सदर अस्पताल ले जाने के लिए एंबुलेंस तक नहीं मिला।
सुबह में जब घटना की खबर मीडिया में आई, तब प्रशासन गंभीर हुआ। जिलाधिकारी सौभेंद्र कुमार के अनुसाार उन्होंने मौके पर मेडिकल टीम व एंबुलेंस भेज दिए हैं।