लखीसराय के जंगलों में माओवादियों के गुप्त ठिकाने का भंडाफोड़, पत्थरों के बीच छिपे राइफल; कट्टे और कारतूस बरामद
लखीसराय के पीरीबाजार थाना क्षेत्र में घने जंगल और पहाड़ी इलाके में माओवादियों के हथियारों का गुप्त ठिकाना उजागर हुआ ...और पढ़ें

माओवादियों के गुप्त ठिकाने का भंडाफोड़
HighLights
माओवादियों का गुप्त हथियार ठिकाना लखीसराय में उजागर।
एसएसबी की संयुक्त कार्रवाई में हथियार बरामद।
दो राइफल, तीन कट्टे, 22 कारतूस और मैगजीन मिली।
संवाद सहयोगी, लखीसराय। जिले के पीरीबाजार थाना क्षेत्र के मनियारा गांव के समीप घने जंगल और दुर्गम पहाड़ी इलाके में माओवादियों के हथियारों का गुप्त ठिकाना उजागर हुआ है।
सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की 16वीं वाहिनी, जमुई की आसूचना शाखा और कजरा स्थित ‘डी’ समवाय की संयुक्त कार्रवाई में दो .303 राइफल, दो कट्टा और एक लंबी नली वाला कट्टा बरामद किया गया है। इसके साथ ही विभिन्न बोर के 22 कारतूस, इंसास एलएमजी की एक मैगजीन और एक स्लिंग भी मिली है।
पुलिस जवान ने तलाशी अभियान शुरू किया
विश्वसनीय सूचना के आधार पर 25 अक्टूबर से क्षेत्र में अभियान तेज कर दिया गया था। मंगलवार, 27 अक्टूबर को कार्यवाहक कमांडेंट बांके बिहारी के नेतृत्व में एसएसबी के 26 जवानों, पीरीबाजार थानाध्यक्ष चंद्रवीर सिंह और पुलिस जवान ने तलाशी अभियान शुरू किया। खोजी श्वान और डीएसएमडी की सहायता से घने जंगल तथा दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र में सघन तलाशी ली गई।

सुबह करीब 11:30 बजे पहाड़ की चोटी पर पहुंचने से पहले बड़े पत्थरों के बीच बने सुरंगनुमा स्थान में काली पॉलीथिन में बांधकर छिपाई गई सामग्री बरामद हुई। बरामद हथियारों और कारतूस को विधिवत जब्त कर आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए पीरीबाजार थाना को सौंपा गया है।
