जीविका का पैसा नहीं लिया जाएगा वापस, फैलाई जा रही अफवाह; लखीसराय में बोले केंद्रीय मंत्री ललन सिंह
केंद्रीय मंत्री ललन सिंह ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के 20 वर्षों के शासन में बिहार के विकास कार्यों की सराहना ...और पढ़ें

केंद्रीय मंत्री ललन सिंह। फोटो जागरण
HighLights
नीतीश कुमार ने 20 वर्षों में बिहार को समृद्ध बनाने का काम किया।
महिला सशक्तिकरण हेतु जीविका समूह और पंचायती राज आरक्षण महत्वपूर्ण।
हलसी प्रखंड में जनसंवाद कर स्थानीय विकास कार्यों का शिलान्यास।
संवाद सूत्र, हलसी (लखीसराय)। केंद्रीय मंत्री सह मुंगेर सांसद राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पिछले 20 वर्षों में बिहार को समृद्ध बनाने की दिशा में काम किया है।
उनके अनुसार न्याय के साथ विकास की नीति के तहत बिजली, सड़क, पेयजल, सिंचाई, शिक्षा और कानून-व्यवस्था के क्षेत्र में बदलाव हुआ है।
महिलाओं को पंचायती राज संस्थाओं में 50 प्रतिशत आरक्षण देने और जीविका समूहों के माध्यम से महिलाओं को रोजगार से जोड़ने को उन्होंने महिला सशक्तीकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
शुक्रवार को हलसी प्रखंड के कैंदी, हलसी, मोहद्दीनगर, दिरा और सेठना में आयोजित जनसंवाद कार्यक्रम को संबोधित करते हुए ललन सिंह ने कहा कि वर्ष 2005 में नीतीश कुमार के मुख्यमंत्री बनने के बाद बिहार में कानून-व्यवस्था को मजबूत करने के साथ सड़क, बिजली और पेयजल जैसी बुनियादी सुविधाओं पर काम हुआ।
उन्होंने कहा कि महिलाओं को पंचायतों में प्रतिनिधित्व का अवसर मिलने से स्थानीय स्तर पर महिला नेतृत्व मजबूत हुआ है। जीविका समूहों के माध्यम से महिलाएं आर्थिक गतिविधियों से जुड़ी हैं।
उन्होंने कहा कि महिलाओं को रोजगार के लिए दी जा रही सहायता राशि को लेकर कुछ लोगों द्वारा राशि ब्याज सहित वापस लिए जाने की अफवाह फैलाई जा रही है, जो गलत है।
आपसी भाईचारा बनाकर रखें
उन्होंने लोगों से सामाजिक भाईचारा बनाए रखने और छोटे-छोटे विवादों को बड़ा रूप नहीं देने की अपील की। कहा कि क्षेत्र के विकास से जुड़े कार्यों की जिम्मेवारी जनप्रतिनिधियों पर छोड़कर लोग आपसी सद्भाव बनाए रखें।
ललन सिंह ने पटना में गंगा किनारे बने मरीन ड्राइव का उल्लेख करते हुए कहा कि बिहार में आधारभूत संरचना के क्षेत्र में बड़े काम हुए हैं।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार बिहार को आगे बढ़ाने के लिए काम कर रहे हैं। वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2047 तक भारत को विकसित देश बनाने का लक्ष्य रखा है। उन्होंने लोगों से विदेशी वस्तुओं के बजाय भारतीय उत्पादों के उपयोग की अपील की।
आवास योजना के तहत स्वीकृत आवासों की सूची तैयार करने में पारदर्शिता बरतने की बात कहते हुए उन्होंने कहा कि गड़बड़ी मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।
जनसंवाद के दौरान हलसी दुर्गा मंदिर परिसर और उच्च विद्यालय में पेवर ब्लाक निर्माण का शिलान्यास तथा पौधरोपण भी किया गया। कार्यक्रम में सूर्यगढ़ा विधायक रामानंद मंडल, जदयू जिलाध्यक्ष रामानुज शर्मा सहित अन्य पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं ग्रामीण मौजूद थे।
ग्रामीणों ने सांसद के सामने रखीं स्थानीय जरूरतें
कैंदी में तालाब के सुंदरीकरण और महादलित परिवारों के आवास की मांग रखी गई। हलसी में दुर्गा मंदिर के समीप तालाब के सौंदर्यीकरण और कृषि फार्म की जमीन पर प्रस्तावित स्टेडियम निर्माण की मांग उठी।
मोहद्दीनगर में ग्रामीण सड़क तथा मोहद्दीनगर से बिल्ली गांव तक भूरहा नदी पर पुल एवं सड़क निर्माण की मांग की गई। दिरा में श्रीकृष्ण मंदिर के समीप तालाब को विकसित कर सरोवर बनाने की मांग ग्रामीणों ने रखी।
सेठना में स्वास्थ्य केंद्र को दूसरे स्थान पर ले जाने, उच्च विद्यालय की स्थापना, विद्युत उपकेंद्र और पथ निर्माण विभाग की सड़क चौड़ीकरण सहित आधा दर्जन से अधिक मांगें रखी गईं। सेठना में भी तालाब के सौंदर्यीकरण की मांग सामने आई।
सांसद ने कैंदी, हलसी, सेठना और दिरा के तालाबों के सौंदर्यीकरण के लिए योजना के तहत कार्य कराने की बात कही।
उन्होंने कहा कि पांच एकड़ तक के तालाबों में लघु सिंचाई तथा तीन एकड़ से कम क्षेत्रफल वाले तालाबों में ग्रामीण रोजगार योजना के तहत कार्य कराने की दिशा में पहल की जाएगी। मोहद्दीनगर से बिल्ली तक सड़क निर्माण के लिए संबंधित विभाग से बात करने का आश्वासन दिया।
