विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सिमरिया में गंगा पर बने दूसरे रेल पुल को चालू करने की कवायद तेज, पूर्वा और गरीब रथ समेत कई ट्रेनों के बदले रूट

Published: Mon, 21 Sep 2026 07:43 PM (IST)

दानापुर और सोनपुर रेल मंडल में प्री एनआई व एनआई कार्य के कारण कई ट्रेनों का परिचालन प्रभावित हुआ है।

एआई द्वारा जेनरेट इमेज।

एआई द्वारा जेनरेट इमेज।

HighLights

  1. दानापुर-सोनपुर रेल मंडल में प्री एनआई और एनआई कार्य शुरू हुआ।

  2. सिमरिया गंगा पुल इंटरलॉकिंग के कारण दर्जनभर ट्रेनों के मार्ग बदले गए।

  3. लखीसराय, किऊल स्टेशनों पर यात्रियों की संख्या सामान्य से काफी कम रही।

संवाद सहयोगी, लखीसराय। दानापुर और सोनपुर रेल मंडल के विभिन्न रेलवे स्टेशनों पर सोमवार से शुरू हुए प्री एनआई और एनआई कार्य का असर ट्रेनों के परिचालन पर पड़ा है।

सिमरिया में गंगा नदी पर बने दूसरे पुल को चालू करने के लिए हाथीदह और मोकामा स्टेशन के बीच औंटा जंक्शन, सिमरिया स्टेशन सहित अन्य स्थानों पर इंटरलॉकिंग कार्य शुरू होने के कारण रेलवे ने कई ट्रेनों का मार्ग बदल दिया है, जबकि कई ट्रेनों का परिचालन रद रहा।

पूर्वा एक्सप्रेस, गरीब रथ, मौर्या एक्सप्रेस, विभूति एक्सप्रेस सहित करीब एक दर्जन ट्रेनों का मार्ग परिवर्तित किया गया। पटना और किऊल की ओर से आने-जाने वाली कई ट्रेनों को बख्तियारपुर से केजी लाइन के रास्ते चलाया गया।

हालांकि, डाउन लाइन पर पटना-हावड़ा जनशताब्दी एक्सप्रेस, वंदे भारत, दानापुर-साहिबगंज इंटरसिटी तथा अप लाइन पर पाटलिपुत्र एक्सप्रेस, भागलपुर-दानापुर इंटरसिटी, विक्रमशिला एक्सप्रेस और धनबाद-पटना एक्सप्रेस सहित कई ट्रेनों का परिचालन निर्धारित समय के अनुसार हुआ।

एनआई कार्य के कारण लखीसराय, किऊल और बड़हिया रेलवे स्टेशनों पर सामान्य दिनों की अपेक्षा यात्रियों की भीड़ काफी कम रही। सुबह 10 बजे के बाद दोपहर तक कई प्लेटफार्म लगभग खाली नजर आए।

कई मेमू ट्रेनों का परिचालन रद

13029 अप हावड़ा-मोकामा मेमू और 13030 डाउन मोकामा-हावड़ा मेमू ट्रेन का परिचालन रद रहा। 13208 डाउन पटना-जसीडीह मेमू को बख्तियारपुर से केजी लाइन के रास्ते लखीसराय और किऊल तक चलाया गया। 63210 पटना-देवघर मेमू और 63209 देवघर-पटना मेमू को भी किऊल से केजी लाइन होते हुए बख्तियारपुर के रास्ते चलाया गया।

63276 डाउन पटना-किऊल और 63275 किऊल-पटना मेमू ट्रेन का परिचालन भी रद रहा। 12303 अप पूर्वा एक्सप्रेस को किऊल से केजी लाइन के रास्ते बख्तियारपुर होकर चलाया गया।

पटना से आने वाली 13006 डाउन पंजाब मेल को भी बख्तियारपुर से केजी लाइन होते हुए किऊल लाया गया। इसके अलावा कई अन्य ट्रेनों का मार्ग परिवर्तित कर परिचालन कराया गया।

यह भी पढ़ें- आरा होकर गुजरने वाली कई ट्रेनें रद और डायवर्ट, 20 सितंबर से 4 अक्टूबर तक रेलवे का मेगा ब्लॉक