मकान बदला, धंधा नहीं; लखीसराय में रिहायशी इलाकों तक फैला देह व्यापार, नाबालिग लड़कियों को ऐसे फंसाते हैं दलाल
लखीसराय में रिहायशी इलाकों में देह व्यापार का जाल फैला हुआ है, जहां नाबालिग लड़कियों और महिलाओं को फंसाकर अनैतिक कार्य कराए जा रहे हैं।
-1788944125101_m.webp)
एआई जनरेटेड फोटो
HighLights
झुलौना में खाली मकान से पांच युवक, एक युवती गिरफ्तार।
लखीसराय में रिहायशी इलाकों में देह व्यापार का संचालन।
नाबालिग लड़कियों, महिलाओं को प्रेम, पैसे का लालच देकर फंसाया।
जागरण संवाददाता, लखीसराय। रिहायशी इलाकों में किराए या खाली मकानों की आड़ में देह व्यापार संचालित किए जाने का खेल लखीसराय में नया नहीं है। रामगढ़ चौक थाना क्षेत्र के झुलौना में मकान मालिक सहित पांच युवकों और एक युवती की गिरफ्तारी ने पुलिस निगरानी की पोल खोलकर रख दी।
पुलिस रिकॉर्ड और सामने आए मामलों की पड़ताल से इस तरह की गतिविधियों का शहर और इसके आस-पास संचालन किए जाने के मजबूत संकेत हैं।
यहां अलग-अलग नेटवर्क संचालित हैं, जो नाबालिग लड़कियों, युवतियों और महिलाओं प्रेम के जाल में फांसकर, रुपये का लोभ देकर या फिर उनकी मजबूरियों का फायदा उठाकर इस तह के अनैतिक कार्य कराए जा रहे हैं। ये गिरोह मकान और स्थान बदलते रहा है लेकिन इस अनैतिक कार्य का ठिकाना नहीं बदला है।
झुलौना में खाली मकान बना ठिकाना
रामगढ़ चौक थाना क्षेत्र के झुलौना गांव में सात सितंबर को दिन दहाड़े पुलिस ने सड़क किनारे स्थित एक खाली मकान में छापेमारी की। पुलिस ने वहां चार युवकों और एक युवती को संदिग्ध स्थिति में पकड़ा।
मौके से आपत्तिजनक सामान बरामद होने की बात भी सामने आई। इसके बाद मकान मालिक को भी गिरफ्तार कर लिया गया। सभी पांच आरोपितों को गिरफ्तार कर अनैतिक व्यापार निवारण अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि मकान में यह गतिविधि कब से चल रही थी और इसके पीछे मकान मालिक के अलावा और कौन लोग थे।
शहर के नया टोला में दो महीने पहले चार महिलाएं पकड़ी गई थीं
इससे पहले 11 जुलाई को लखीसराय थाना क्षेत्र के नया टोला स्थित एक रिहायशी मकान से पुलिस ने चार महिलाओं को गिरफ्तार किया था।
पुलिस के अनुसार किराए के मकान में बाहर से महिलाओं को बुलाकर कथित अनैतिक गतिविधि संचालित की जा रही थी।
मामले में प्राथमिकी दर्ज कर अनैतिक व्यापार निवारण अधिनियम की धाराओं में कार्रवाई की गई। बाद में न्यायालय के निर्देश पर मकान पर इश्तहार चस्पा कर संबंधित कमरे को सील किया गया।
2019 से सामने आ रहे हैं ऐसे मामले
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार वर्ष 2019 में भी लखीसराय में किराए के रिहायशी मकान से देह व्यापार का मामला सामने आया था। इसके बाद 2021 में नया बाजार के एक होटल में छापेमारी कर दो युवतियों और दो युवकों समेत पांच लोगों को पकड़ा गया था।
वर्ष 2022 में शहर के एक आलीशान मकान में कथित देह व्यापार का मामला सामने आया था। उस समय भी पुराने मामले में आरोपित रही एक महिला का नाम पुलिस कार्रवाई में सामने आया था।
शहर के अंदर संचालित है नेटवर्क
उक्त घटनाओं को जोड़ने पर एक बात स्पष्ट होती है कि कथित अनैतिक गतिविधियों के लिए बड़े प्रतिष्ठानों के बजाय किराए के मकान, खाली मकान और रिहायशी परिसर भी इस्तेमाल किए जा रहे हैं। इसके लिए अलग-अलग नेटवर्क काम कर रहा है।
यही पुलिस निगरानी के लिए सबसे बड़ी चुनौती है। मकान मालिकों द्वारा किराएदारों का सत्यापन, खाली मकानों की निगरानी नहीं की जा रही है। पुलिस भी इन सबसे कभी मतलब नहीं रख रही है।
हालांकि पुलिस होटलों की जांच जरूर कर रही है। अब पुलिस के समक्ष यह पता लगाने की चुनौती है कि रिहायशी मकानों को इस तरह की गतिविधियों के लिए उपलब्ध कराने वाला कोई संगठित तंत्र तो सक्रिय नहीं है। पुलिस की आगे की जांच से ही इसका खुलासा होगा।
