नोमा सीआरसी के अधीन विद्यालयों में अपनी मर्जी से ड्यूटी करते हैं शिक्षक
सुदूर इलाका रहने के कारण जांच को कभी नहीं जाते हैं विभागीय निरीक्षी पदाधिकारी मवि नो
सुदूर इलाका रहने के कारण जांच को कभी नहीं जाते हैं विभागीय निरीक्षी पदाधिकारी
मवि नोमा में बिना आवेदन के फरार थे शिक्षक, तीन दिनों से नहीं बनी थी हाजरी संवाद सूत्र, हलसी (लखीसराय) : शिक्षा विभाग के पदाधिकारियों की निष्क्रियता के कारण हलसी प्रखंड के संकुल संसाधन केंद्र नोमा के अधीन विभिन्न विद्यालयों में पदस्थापित शिक्षकों की मनमानी चरम पर है। इस क्षेत्र के विद्यालयों में शिक्षक अपनी मर्जी से ड्यूटी करते हैं। शिक्षकों का मन हुआ तो विद्यालय गए नहीं तो अपने घर के काम में व्यस्त रहते हैं। मंगलवार को मध्य विद्यालय नोमा का कुछ ऐसा ही हाल था। करीब 11 बजे मध्य विद्यालय नोमा कुछ क्लास के बच्चे यूं ही खेल रहे थे। विद्यालय में कुल कुल नौ शिक्षक-शिक्षिकाएं पदस्थापित हैं। बावजूद पढ़ाई के समय बच्चों का खेलना बड़ा सवाल है। एक शिक्षक बिना पूर्व में आवेदन दिए तीन दिनों से फरार थे। उपस्थिति पंजी में उनकी हाजरी वाला कॉलम रिक्त था। विद्यालय के प्रधानाध्यापक साधु शरण साह ने उक्त शिक्षक का नाम बताने से इन्कार करते हुए कहा कि उन्हें भी नहीं जानकारी की उक्त शिक्षक विद्यालय क्यों नहीं आ रहे हैं। वैसे कुछ शिक्षकों ने बताया कि वहां पदस्थापित शिक्षक शैलेश कुमार सिंह तीन दिनों से विद्यालय नहीं जा रहे हैं। बताया गया कि हलसी प्रखंड के पश्चिमी भाग में अक्सर शिक्षकों की मनमानी चलती है। यह क्षेत्र सुदूर ग्रामीण है। यातायात के लिए बनी सड़क अति जर्जर होने के कारण इस क्षेत्र में पदाधिकारियों का आवागमन नहीं हो पाता है। इस संबंध में प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी ने बताया कि विद्यालयों का औचक निरीक्षण किया जाएगा। शिक्षकों की मनमानी नहीं चलेगी।