बाढ़ व सुखाड़ प्रभावित लोगों का तैयार होगा डाटा
जिलाधिकारी ने की समीक्षा आपदा प्रबंधन विभाग के प्रधान सचिव ने वीडियो कांफ्रेंसिग से डाटा तैया
जिलाधिकारी ने की समीक्षा, आपदा प्रबंधन विभाग के प्रधान सचिव ने वीडियो कांफ्रेंसिग से डाटा तैयार करने का दिया प्रशिक्षण
जिले के प्रभारी मंत्री व मुंगेर के सांसद आज जिले के पदाधिकारियों के साथ करेंगे बाढ़ और सुखाड़ की समीक्षा बैठक
संवाद सहयोगी, लखीसराय : लखीसराय जिला बाढ़ और सुखाड़ से प्रभावित है। इन दोनों आपदा से जूझ रहे परिवारों को सरकारी अनुदान की राशि देने की सरकारी कवायद जिला प्रशासन द्वारा की जा रही है। इसको लेकर गुरुवार को मंत्रणा कक्ष में जिलाधिकारी ने बीडीओ-सीओ एवं कार्यपालक सहायक, डाटा इंट्री ऑपरेटर के साथ एक बैठक की। बैठक में डीएम ने जिले में पूर्व से घोषित सुखाड़ प्रभावित प्रखंड के परिवारों का चल रहे डाटा इंट्री कार्य की प्रगति की समीक्षा की। डीएम ने पंचायतवार प्रभावित लोगों की फाइनल सूची तैयार कर रिपोर्ट मांगी। जिलाधिकारी ने कार्यपालक सहायकों एवं डाटा इंट्री ऑपरेटरों को बाढ़ प्रभावित पिपरिया एवं बड़हिया प्रखंड के प्रभावित परिवारों की सूची का डाटा तैयार करने का निर्देश दिया। जानकारी हो कि बाढ़ और सुखाड़ से प्रभावित लोगों का अलग-अलग डाटा तैयार किया जाएगा। इसके बाद सरकार प्रभावित लोगों के बैंक खाते में सीधे अनुदान राशि भेजेगी। जिले में सुखाड़ प्रभावित लोगों की सूची तैयार करने का कार्य अंतिम चरण में है। जिलाधिकारी ने बड़हिया बीडीओ नीरज कुमार एवं पिपरिया सीओ को बाढ़ प्रभावित परिवारों की सूची, सामुदायिक किचेन में भोजन करने वाले प्रभावित लोगों की सूची, बाढ़ में अब तक डूबकर हुई मौत की घटना की पूरी जानकारी सहित बाढ़ से जुड़ी अन्य विस्तृत जानकारी 24 घंटे के अंदर उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। बैठक के बाद जिलाधिकारी के कार्यालय कक्ष में सभी कार्यपालक सहायक एवं डाटा इंट्री ऑपरेटर को बाढ़ से प्रभावित लोगों को सरकारी अनुदान पाने के लिए उनके नामों का डाटा इंट्री करने की तकनीकी जानकारी दी गई। आपदा प्रबंधन विभाग के प्रधान सचिव प्रत्यय अमृत एवं अन्य आला अधिकारियों ने राजधानी पटना से वीडियो कांफ्रेंसिग के जरिये डाटा इंट्री करने का प्रशिक्षण दिया। जानकारी हो कि शुक्रवार को राज्य के सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के मंत्री सह जिले के प्रभारी मंत्री नीरज कुमार विभागीय पदाधिकारियों के साथ बाढ़ और सुखाड़ की समीक्षा बैठक करेंगे। बैठक में मुंगेर सांसद राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह भी मौजूद रहेंगे।