बाढ़ पीड़ितों के बीच राहत सामग्री का वितरण
बड़हिया के अलावा पिपरिया के पथुआ और करारी में खाद्य सामग्री वितरण संस. लखीसराय जिले म
बड़हिया के अलावा पिपरिया के पथुआ और करारी में खाद्य सामग्री वितरण
संस., लखीसराय : जिले में बाढ़ से बेहाल लोगों की मदद के लिए स्वयंसेवी संस्थाओं के साथ ही आम लोग भी आगे आ रहे हैं। इसी कड़ी में वर्ल्ड बैंक के वरीय सलाहकार लखीसराय निवासी रामनिवास कुमार भी बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए आगे आए। दिल्ली से चलकर लखीसराय पहुंचे रामनिवास कुमार ने बाढ़ पीड़ितों के बीच लगभग 1,200 पैकेट राहत सामग्री का वितरण किया। राहत सामग्री वाहन को स्थानीय थाना चौक से बाढ़ पीड़ितों के बीच एसडीओ मुरली प्रसाद सिंह, एसडीपीओ रंजन कुमार ने रवाना किया। राहत सामग्री बड़हिया के अलावा पिपरिया के पथुआ और करारी पिपरिया में वितरण की गई। बड़हिया में चल रहे तीन बाढ़ राहत शिविर और खुशहाल टोला में जरूरतमंदों को राहत सामग्री दी गई। मौके पर जदयू नेता सुजीत कुमार ने भी राहत वितरण में सहयोग किया। इस मौके पर वर्ल्ड बैंक के वरीय सलाहकार रामनिवास कुमार ने कहा कि आपदा से निपटना बहुत ही मुश्किल काम है। इसके लिए जिला प्रशासन के साथ-साथ आम लोगों को भी आगे आना होगा। एक छोटी सी मदद भी बाढ़ पीड़ितों के लिए बड़ी मदद होती है। उन्होंने जिला प्रशासन के काम की सराहना करते हुए उनको धन्यवाद दिया। इस काम को सफल बनाने में संतोष कुमार, गोल्डेन सिन्हा, विजय कुमार, गोलू कुमार एवं राजेश कुमार ने भरपूर सहयोग किया।