स्मार्ट क्लास में पढ़ेंगे नोनगढ़ व बन्नूबगीचा के बच्चे
उत्क्रमित उवि बन्नूबगीचा व उत्क्रमित उवि नोनगढ़ में स्मार्ट क्लास शुरू जेएनएन. चानन/रामगढ़ चौक
उत्क्रमित उवि बन्नूबगीचा व उत्क्रमित उवि नोनगढ़ में स्मार्ट क्लास शुरू
जेएनएन., चानन/रामगढ़ चौक (लखीसराय) : सरकार की गुणवत्तापूर्ण शिक्षा अभियान के अंतर्गत उत्क्रमित उच्च विद्यालय बन्नूबगीचा में स्मार्ट क्लास का शुभारंभ शनिवार को किया गया। स्मार्ट क्लास का उद्घाटन क्षेत्रीय विधायक सह राजद जिलाध्यक्ष प्रहलाद यादव, गोहरी पंचायत मुखिया मनोज कुमार, प्रखंड प्रमुख प्रियंका देवी, प्रधानाध्यापक विनोद कुमार दास ने दीप प्रज्ज्वलित करके किया। अध्यक्षता अराजपत्रित प्रारंभिक शिक्षक संघ के प्रमंडलीय सचिव रामटहल पासवान ने की। जबकि संचालन संघ के जिलाध्यक्ष कुमार ब्रजेश ने की। विधायक प्रहलाद यादव ने कहा कि बच्चे देश के भविष्य होते हैं। इसे सजाने-संवारने का कार्य शिक्षक के जिम्मे है। यहां के शिक्षक स्मार्ट क्लास के माध्यम से बच्चों को तकनीकी शिक्षा देने का काम करेंगे। इससे अति पिछड़ा इलाके के बच्चों का विकास हो सकेगा। प्रमुख प्रियंका देवी ने बच्चों से आग्रह किया कि वह डिजिटल स्मार्ट क्लास के माध्यम से अपना संपूर्ण विकास कर परिवार, समाज और राष्ट्र की सेवा में अपने आप को समर्पित करें। मुखिया मनोज कुमार ने अपने संबोधन में विधायक प्रहलाद यादव की प्रशंसा करते हुए कहा कि विधायक के प्रयास से ही मध्य विद्यालय बन्नूबगीचा को उच्च विद्यालय का दर्जा मिला है। उन्होंने भवन निर्माण कार्य कराने की मांग विधायक से की है। समारोह को विशिस के अध्यक्ष मिथिलेश कुमार, सरपंच बोढ़न मोदी, पैक्स अध्यक्ष जनार्दन यादव, पूर्व प्रमुख प्रतिनिधि नृपेन्द्र कुमार, शिक्षक नेता रामटहल पासवान, सीआरसीसी रंजीत कुमार सिंह, लक्ष्मी यादव, शिक्षक दिनेश कुमार आदि ने संबोधित किया। इससे पूर्व विद्यालय के छात्रा अंशु कुमारी व सुमो कुमारी के द्वारा स्वागत गीत प्रस्तुत किया गया। मौके पर सुबोध यादव, फकीरा यादव, शिक्षक पवन कुमार, वकील यादव सहित विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिका उपस्थित थे।
रामगढ़ चौक प्रतिनिधि के अनुसार : रामगढ़ चौक प्रखंड अंतर्गत नोनगढ़ पंचायत में शनिवार को उत्क्रमित उच्च विद्यालय नोनगढ़ में स्मार्ट क्लास उद्घाटन किया गया। नोनगढ़ पंचायत की मुखिया जुली देवी, प्रधानाध्यापक अरुण रविदास ने संयुक्त रूप से दीप जलाकर उद्घाटन किया। मुखिया ने कहा कि गांव के बच्चे भी अब स्मार्ट क्लास में बड़ी एलइडी के माध्यम से पढ़ सकेंगे। प्रधानाध्यापक ने कहा कि तकनीक की दुनिया में घर बैठे मोबाइल ऐप के द्वारा पाठ-पठन कर सकते हैं। मौके पर शिक्षक मोहम्मद अहमद, दिगंबर महतो, रमेश कुमार सहित सैकड़ों ग्रामीण मौजूद थे।