बारिश के साथ ठंडी हवा ने बदला मौसम का मिजाज
बड़हिया टाल क्षेत्र में तेज हवा व बारिश से खलिहान में रखे दलहनी फसल को हुआ नुकसान किसा
बड़हिया टाल क्षेत्र में तेज हवा व बारिश से खलिहान में रखे दलहनी फसल को हुआ नुकसान, किसान परेशान
संवाद सहयोगी, लखीसराय : मंगलवार को बारिश के साथ ठंडी हवा चलने से मौसम का मिजाज बदल गया। आसमान में छाए काले बादल एवं तेज हवा ने लोगों को फिर से ठंड का अहसास कराया। दिनभर धूप नहीं निकली। अपराह्न बाद आसमान कुछ साफ जरूर हुआ। लेकिन मौसम में नमी रहने के कारण गर्मी की तपिश गायब रही। अधिकतम तापमान 27 डिग्री एवं न्यूनतम तापमान 19 डिग्री रहा। सुबह 11 बजे तक ठंडी हवा के साथ बूंदा-बांदी बारिश होती रही। काफी लोग स्वेटर व जैकेट पहनकर घर से निकले।उधर बारिश व तेज हवा का सबसे अधिक असर किसानों पर पड़ा। बड़हिया टाल क्षेत्र में इन दिनों सैकड़ों की संख्या में किसान खुले आसमान के नीचे दलहनी फसल रखकर थ्रेसरिग कर रहे हैं। तेज हवा चलने से फसल की थ्रेसरिग कर जमा किया हुआ भूसा बर्बाद हो गया। चना व मसूर फसल भी काफी मात्रा में भींग गया। किसानों ने प्लास्टिक त्रिपाल से खलिहान में रखे फसल को किसी तरह ढंककर बचाया। खराब मौसम एवं खलिहान भींग जाने के कारण टाल क्षेत्र में फसल थ्रेसरिग कार्य बंद हो गया है। स्थानीय किसान अमित कुमार सिंह, घप्पू सिंह, शंकर सिंह, विपिन सिंह, पंकज सिंह, गणेश सिंह आदि ने बताया कि हमलोग दलहनी फसल को खलिहान में रखकर थ्रेसरिग कर रहे थे। तेज हवा व बारिश होने के कारण फसल को काफी क्षति पहुंची है। थ्रेसिग कार्य बंद करना पड़ा है। अगर मौसम ठीक नहीं हुआ तो हमलोगों को घर तक फसल सुरक्षित ले जाना भी मुश्किल हो जाएगा। बारिश के कारण फसल में नमी आ गई है। जब तक तेज धूप नहीं निकलती थ्रेसरिग नही हो पाएगा।