लखीसराय: छात्रा से दुर्व्यवहार के आरोप में स्कूल में हंगामा, पहले पुलिस ने शिक्षक को उठाया और फिर छोड़ दिया
हलसी प्रखंड के दिरा हरेवा विद्यालय में एक छात्रा से शिक्षक द्वारा कथित दुर्व्यवहार की शिकायत पर स्वजनों और ग्रामीणों ...और पढ़ें

लखीसराय के हलसी में छात्रा से दुर्व्यवहार के आरोप पर विद्यालय में ग्रामीणों का हंगामा
HighLights
शिक्षक पर छात्रा से कथित दुर्व्यवहार का आरोप लगा।
स्वजनों और ग्रामीणों ने विद्यालय में जमकर हंगामा किया।
पुलिस ने मामला शांत कराया, शिक्षा विभाग कर रहा जांच।
संवाद सूत्र, हलसी (लखीसराय)। हलसी प्रखंड के उत्क्रमित उच्च माध्यमिक विद्यालय दिरा हरेवा में मंगलवार को एक छात्रा से शिक्षक द्वारा कथित दुर्व्यवहार की शिकायत को लेकर स्वजनों और ग्रामीणों ने विद्यालय पहुंचकर हंगामा किया।
ग्रामीणों ने शिक्षक पर छात्राओं को फोन कर कथित रूप से डराने-धमकाने और अपनी बात मनवाने का दबाव बनाने का आरोप लगाया। मामले की जानकारी मिलने पर पुलिस विद्यालय पहुंची और लोगों को समझाकर मामला शांत कराया।
ग्रामीणों के अनुसार, शनिवार की रात विद्यालय की 11वीं कक्षा की एक छात्रा को शिक्षक ने फोन कर अगले दिन से परीक्षा होने की बात कही। छात्रा ने बताया कि उसे परीक्षा की तिथि की जानकारी पहले से थी।
छात्रा के अनुसार, नामांकन के लिए आनलाइन आवेदन करने के समय से ही शिक्षक द्वारा विज्ञान के बजाय कला संकाय में नामांकन कराने का दबाव बनाया जा रहा था।
सोमवार को परीक्षा के दौरान शिक्षक द्वारा कथित रूप से अनुचित व्यवहार किए जाने की शिकायत छात्रा ने अपने स्वजन से की। इसके बाद मंगलवार को स्वजन और ग्रामीण विद्यालय पहुंचे और हंगामा किया।
शिक्षा विभाग ने जांच शुरू की, आवेदन नहीं मिलने पर शिक्षक मुक्त
विद्यालय में हंगामे की सूचना पर हलसी थानाध्यक्ष राजेश कुमार रंजन ने पुलिस पदाधिकारी को विद्यालय भेजा। पुलिस ने ग्रामीणों को समझाकर शांत कराया और संबंधित शिक्षक को पूछताछ के लिए थाने ले गई।
विद्यालय की प्रधानाध्यापिका निशा कुमारी ने बताया कि एक छात्रा के अभिभावक ने शिक्षक के संबंध में शिकायत की थी। शिकायत मिलने के बाद शिक्षक को फटकार लगाई गई।
प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी एजाज आलम ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जांच में आरोप सही पाए जाने पर संबंधित शिक्षक के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
थानाध्यक्ष ने बताया कि छात्रा के स्वजन की ओर से थाना में लिखित आवेदन नहीं दिया गया। आवेदन नहीं मिलने के कारण शिक्षक को थाने से मुक्त कर दिया गया है।
यह भी पढ़ें- शराब तस्करी का नया जुगाड़! एंबुलेंस में बेड के नीचे 230 लीटर बीयर, जमुई और लखीसराय के बीच के कनेक्शन का पर्दाफाश
