दिल्ली-भागलपुर के बीच 10 अक्टूबर से दौड़ेगी स्पेशल ट्रेन, दुर्गा पूजा से छठ तक वेटिंग लिस्ट से मिलेगी राहत
रेलवे ने दुर्गा पूजा, दीपावली और छठ महापर्व के लिए आनंद विहार टर्मिनल और भागलपुर के बीच एक पूजा स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है।

दिल्ली-भागलपुर के बीच 10 अक्टूबर से दौड़ेगी पूजा स्पेशल ट्रेन
HighLights
आनंद विहार टर्मिनल-भागलपुर के बीच चलेगी नई पूजा स्पेशल ट्रेन।
लखीसराय के किऊल और अभयपुर में भी होगा ट्रेन का ठहराव।
दुर्गा पूजा से छठ तक यात्रियों को मिलेगी अतिरिक्त यात्रा सुविधा।
संवाद सूत्र, सूर्यगढ़ा (लखीसराय)। दुर्गा पूजा, दीपावली और छठ महापर्व के दौरान ट्रेनों में बढ़ने वाली यात्रियों की भीड़ को देखते हुए रेलवे ने आनंद विहार टर्मिनल और भागलपुर के बीच पूजा स्पेशल ट्रेन (Delhi Bhagalpur Special Train) चलाने का निर्णय लिया है।
ट्रेन का ठहराव लखीसराय जिले के किऊल और अभयपुर स्टेशन पर भी दिया गया है। इससे त्योहार के दौरान दिल्ली और लखीसराय के बीच आवागमन करने वाले यात्रियों को अतिरिक्त ट्रेन की सुविधा मिलेगी।
आनंद विहार टर्मिनल-भागलपुर पूजा स्पेशल
रेलवे के अनुसार, ट्रेन संख्या 04062 आनंद विहार टर्मिनल-भागलपुर पूजा स्पेशल 10 अक्टूबर से 25 नवंबर 2026 तक प्रतिदिन चलेगी। आनंद विहार टर्मिनल से यह ट्रेन दोपहर 12 बजे रवाना होगी और अगले दिन दोपहर 1:30 बजे भागलपुर पहुंचेगी।
भागलपुर-आनंद विहार टर्मिनल पूजा स्पेशल
वापसी में ट्रेन संख्या 04061 भागलपुर-आनंद विहार टर्मिनल पूजा स्पेशल 11 अक्टूबर से 26 नवंबर 2026 तक प्रतिदिन चलेगी। भागलपुर से ट्रेन शाम 4:30 बजे रवाना होकर अगले दिन रात आठ बजे आनंद विहार टर्मिनल पहुंचेगी।
किऊल में सुबह 10:15, अभयपुर में 10:41 बजे पहुंचेगी
आनंद विहार टर्मिनल से भागलपुर जाने के क्रम में ट्रेन किऊल स्टेशन पर सुबह 10:15 बजे और अभयपुर स्टेशन पर 10:41 बजे पहुंचेगी।
वापसी में भागलपुर से आनंद विहार टर्मिनल जाने के दौरान अभयपुर में शाम 6:14 बजे और किऊल में शाम 7:05 बजे ट्रेन का ठहराव होगा। ट्रेन जमालपुर, सुल्तानगंज समेत कई प्रमुख स्टेशनों पर भी रुकेगी।
20 कोच की होगी पूजा स्पेशल ट्रेन
पूजा स्पेशल ट्रेन में कुल 20 कोच लगाए जाएंगे। इनमें एसी द्वितीय श्रेणी का एक, एसी तृतीय श्रेणी के दो, स्लीपर के नौ, सामान्य श्रेणी के छह और एसएलआरडी के दो कोच शामिल होंगे।
दुर्गा पूजा से छठ तक नियमित ट्रेनों में बढ़ने वाली भीड़ और लंबी प्रतीक्षा सूची के बीच यह ट्रेन यात्रियों के लिए अतिरिक्त विकल्प उपलब्ध कराएगी। लखीसराय जिले के यात्रियों के लिए किऊल और अभयपुर में ठहराव विशेष रूप से सुविधाजनक रहेगा।
