पोषण के लिए चला हस्ताक्षर अभियान, निकली जागरूकता रैली
लखीसराय। कुपोषण को दूर करके पोषण के लिए अब जोरदार लड़ाई शुरू कर दी गई है। इसको ल
लखीसराय। कुपोषण को दूर करके पोषण के लिए अब जोरदार लड़ाई शुरू कर दी गई है। इसको लेकर आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से व्यापक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। पोषण मेला के अलावा, जागरूकता रैली एवं हस्ताक्षर अभियान तक चलाया जा रहा है ताकि लोगों को पोषण के बारे में सही जानकारी मिल सके।
शुक्रवार को जिले के सूर्यगढ़ा प्रखंड के खावा-राजपुर पंचायत अंतर्गत आंगनबाड़ी केंद्र संख्या-70 पर सेविका प्रतिमा कुमारी ने पूर्व मुखिया रंजीत कुमार राणा के साथ हाट बाजार में रिमझिम बारिश के बीच हस्ताक्षर अभियान चलाया। सेविका प्रतिमा कुमारी ने छह माह तक शिशु को स्तनपान कराने के लिए माताओं को प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि मां के दूध से बच्चे को संपूर्ण आहार मिलता है। छह महीने से दो साल तक के बच्चे को अन्नप्राशन कराएं। छह महीने से नौ महीने तक के बच्चों को ऊपरी आहार दें। सेविका प्रतिमा कुमारी ने पोषण के पांच सूत्र का हैंड बिल का भी वितरण किया। उन्होंने बताया कि सीडीपीओ बिनु कुमारी के निर्देश पर प्रतिदिन जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है।
कार्यक्रम में शोभा कुमारी, रिकु कुमारी, पूर्व पैक्स अध्यक्ष प्रकाश कुमार, बटेश्वर महतो, दिवाकर, धीरेन्द्र कुमार आदि शामिल थे। इससे पहले वहां साइकिल से जागरूकता रैली भी निकाली गई।
हलसी प्रतिनिधि के अनुसार : रामगढ़ चौक प्रखंड के तेतरहट गांव स्थित बजरंगबली स्थान के निकट आंगनबाड़ी केंद्र संख्या 57 पर शुक्रवार को पंचायत स्तरीय पोषण मेला का आयोजित हुआ। पोषण मेला का उद़घाटन पंचायत के विभिन्न आंगनबाड़ी केंद्रों की सेविका कल्पना कुमारी, रूबी कुमारी, वीणा कुमारी, सावित्री देवी, सुनीता देवी शकुंतला देवी, बबिता कुमारी, उमा देवी, तबस्सुम बानो आदि ने संयुक्त रूप से किया। इस मौके पर पोषण सामग्री का स्टॉल लगाकर लोगों को जानकारी दी गई। सेविका कल्पना कुमारी ने बताया की कुपोषण दूर करने के लिए महिलाओं या 19 वर्ष की युवतियों को गर्भावस्था में उसके समुचित खान-पान पर विशेष ध्यान देना चाहिए। उपस्थित सेविकाओं द्वारा स्वच्छता, पौष्टिक, नियमित टीकाकरण, एनीमिया रोग आदि की विस्तृत जानकारी दी गई। पोषण मेला में सेविकाओं द्वारा गर्भवती महिलाओं की गोद भराई, छह माह से ऊपर के बच्चों को अन्नप्राशन कराया गया। इस अवसर पर अधिवक्ता विश्वनाथ प्रसाद, वार्ड सदस्य शोभा देवी, नरेश साव आदि उपस्थित थे।