Move to Jagran APP

Bihar News: मोदी 3.0 कैब‍िनेट में लखीसराय का दबदबा, ललन सिंह के अलावा इस नेता का भी है यहां से कनेक्‍शन

Bihar Politics इस बार के मोदी मंत्रिमंडल में बिहार के साथ ही लखीसराय का भी दबदबा है। इस जिले के बड़हिया के रहने वाले एवं बेगूसराय के सांसद गिरिराज सिंह लगातार तीसरी बार केंद्रीय मंत्री बने हैं। साथ ही मुंगेर के सांसद सह जदयू के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह भी केंद्रीय मंत्रिमंडल में कैबिनेट मंत्री बनाए गए हैं।

By Mritunjai Mishra Edited By: Prateek Jain Tue, 11 Jun 2024 01:45 PM (IST)
Bihar News: मोदी 3.0 कैब‍िनेट में लखीसराय का दबदबा, ललन सिंह के अलावा इस नेता का भी है यहां से कनेक्‍शन
मोदी 3.0 कैब‍िनेट में लखीसराय का दबदबा, ललन सिंह के अलावा इस नेता का भी है यहां से कनेक्‍शन

मृत्युंजय मिश्रा, लखीसराय।  देश में लगातार तीसरी बार नरेन्द्र मोदी की अगुआई में राजग की सरकार बनी है। इस बार के मोदी मंत्रिमंडल में बिहार के साथ ही लखीसराय का भी दबदबा है। इस जिले के बड़हिया के रहने वाले एवं बेगूसराय के सांसद गिरिराज सिंह लगातार तीसरी बार केंद्रीय मंत्री बने हैं।

साथ ही मुंगेर के सांसद सह जदयू के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह भी केंद्रीय मंत्रिमंडल में कैबिनेट मंत्री बनाए गए हैं। मुंगेर संसदीय क्षेत्र तीन जिलों मुंगेर, पटना और लखीसराय के दो-दो विधानसभा क्षेत्रों को लेकर गठित है।

ललल सिंह के लिए लखीसराय खास

ललन सिंह के लिए उक्त तीनों जिलों में लखीसराय ही खास है। चूंकि यहीं से उन्हें जीत के निर्णायक वोट मिलते रहे हैं। हालांकि, छह में से मोकामा विधानसभा क्षेत्र को छोड़ दें तो शेष पांच विधानसभा क्षेत्रों से ललन सिंह ने इस बार भी बढ़त बनाई। लखीसराय ने उन्हें जीत का बड़ा अंतर दिया। इसलिए ललन सिंह के लिए लखीसराय खास रहा है। यहां के लोग भी उन्हें विकास पुरुष की संज्ञा दे चुके हैं।

उधर, भाजपा नेता गिरिराज सिंह पड़ोसी जिले बेगूसराय के सांसद हैं। वे बड़हिया नगर परिषद के इंद टोला के रहने वाले हैं। मुंगेर के सांसद ललन सिंह मुंगेर से पहले बेगूसराय के ही सांसद थे। केंद्रीय मंत्रिमंडल में गिरिराज सिंह एवं ललन सिंह के शामिल होने के बाद लखीसराय में खासा उत्साह है।

यह उत्साह दिल्ली तक बना हुआ है। इस कारण से दोनों नेताओं के शपथ ग्रहण में दिल्ली में भी एक लखीसराय चार दिनों से बसा हुआ है। यहां के भाजपा और जदयू के अधिसंख्य नेता-कार्यकर्ता तीन-चाार दिनों से दिल्ली में कैंप करके दोनों नेताओं को बधाई दे रहे हैं।

सम्राट भी मुंगेर के रहने वाले

इधर, केंद्र एवं राज्य सरकार में मुंगेर प्रमंडल खास केंद्र बन गया है। मुंगेर प्रमंडल से दो केंद्रीय मंत्रियों के अलावा इसी प्रमंडल के लखीसराय के विधायक विजय कुमार सिन्हा एवं मुंगेर जिले के तारापुर के रहने वाले सम्राट चौधरी बिहार के उप मुख्यमंत्री हैं।

ललन सिंह मुंगेर के तीसरे ऐसे सांसद हैं जिन्हें केंद्रीय मंत्रिमंडल में स्थान मिला है। इससे पहले कांग्रेस के डीपी यादव एवं राजद के जयप्रकाश नारायण यादव केंद्रीय मंत्रिमंडल के सहयोगी रह चुके हैं। हालांकि, कैबिनेट मंत्री बनने वाले वे पहले सांसद हैं।