बिहार बोर्ड मैट्रिक परीक्षा 2028: नौवीं के छात्रों के लिए रजिस्ट्रेशन की तिथि बढ़ी, अब 9 अक्टूबर तक करें आवेदन
बिहार विद्यालय परीक्षा समिति ने वार्षिक माध्यमिक परीक्षा 2028 के लिए नौवीं कक्षा के छात्रों के पंजीयन की अवधि बढ़ा ...और पढ़ें

बिहार बोर्ड मैट्रिक परीक्षा 2028 (एआई जेनरेटेड तस्वीर)
HighLights
पंजीयन की अवधि 25 सितंबर से 9 अक्टूबर तक बढ़ाई गई।
शुल्क जमा करने की अंतिम तिथि 8 अक्टूबर निर्धारित है।
घोषणा पत्र अपलोड करना अनिवार्य, विषय चयन में सावधानी बरतें।
जागरण संवाददाता, लखीसराय। बिहार विद्यालय परीक्षा समिति ने वार्षिक माध्यमिक परीक्षा 2028 में शामिल होने वाले विद्यार्थियों के लिए पंजीयन एवं अनुमति आवेदन भरने की अवधि बढ़ा दी है। कक्षा नौवीं में अध्ययनरत नियमित तथा स्वतंत्र कोटि के विद्यार्थियों के लिए अब 25 सितंबर से नौ अक्टूबर तक आनलाइन पंजीयन एवं अनुमति आवेदन भरा जा सकेगा।
समिति ने यह निर्णय छात्रहित को ध्यान में रखते हुए लिया है। पहले आवेदन की अवधि 24 सितंबर तक निर्धारित थी। विस्तारित अवधि में मान्यता प्राप्त विद्यालयों के प्रधान अपने यूजर आइडी और पासवर्ड के माध्यम से समिति के पोर्टल पर वंचित विद्यार्थियों का पंजीयन करा सकेंगे।
पंजीयन एवं अनुमति आवेदन के लिए निर्धारित शुल्क आठ अक्टूबर तक ही जमा किया जा सकेगा। जिन विद्यार्थियों का शुल्क जमा हो चुका है, उनका आनलाइन आवेदन नौ अक्टूबर तक भरा जा सकेगा।
हस्ताक्षरित घोषणा पत्र अपलोड करना जरूरी
समिति ने इस बार विद्यार्थियों की विवरणी की शुद्धता और सत्यापन को लेकर विशेष व्यवस्था की है। जिन विद्यार्थियों का इस अवधि में पंजीयन होगा, उनके पूर्व से भरे हुए घोषणा पत्र को डाउनलोड कर विद्यार्थी, माता-पिता अथवा अभिभावक तथा विद्यालय प्रधान के हस्ताक्षर कराकर समिति के पोर्टल पर अनिवार्य रूप से अपलोड करना होगा।
इसके बाद ही पंजीयन एवं अनुमति आवेदन को अंतिम रूप से जमा किया जा सकेगा। जिनका शुल्क पहले जमा है, लेकिन आवेदन नहीं भरा गया है, वे भी इसी अवधि में आवेदन पूरा कर घोषणा पत्र अपलोड कर सकते हैं।
विषय चुनने में गलती हुई तो परीक्षा में भी वही विषय मान्य
समिति ने विद्यार्थियों को विषय चयन में विशेष सावधानी बरतने का निर्देश दिया है। परीक्षा 2028 में उन्हीं विषयों के साथ परीक्षा आवेदन और शुल्क स्वीकार किया जाएगा, जिन विषयों के साथ विद्यार्थी पंजीकृत होंगे।
व्यावसायिक शिक्षा के तहत सुरक्षा, ब्यूटीशियन, पर्यटन, वाहन, खुदरा प्रबंधन, इलेक्ट्रानिक्स एवं हार्डवेयर, ब्यूटी एवं वेलनेस, दूरसंचार तथा सूचना प्रौद्योगिकी एवं आइटीईएस को आठवें विषय के रूप में शामिल किया गया है। इन विषयों का चयन केवल चिह्नित विद्यालयों में अध्ययनरत विद्यार्थियों द्वारा ही किया जा सकेगा।
