विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

लखीसराय में बड़ी देवी से पहले दूसरी प्रतिमा विसर्जित करने पर भड़के लोग, बड़हिया में रातभर जाम रहा एनएच-80

Published: Thu, 22 Oct 2026 09:53 AM (IST)

लखीसराय के बड़हिया में दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के पारंपरिक क्रम को लेकर विवाद हुआ, जिससे ग्रामीणों ने एनएच-80 को रातभर जाम कर दिया।

बड़हिया में लोगों को समझाते एसडीपीओ शिवम कुमार।

बड़हिया में लोगों को समझाते एसडीपीओ शिवम कुमार।

HighLights

  1. बड़हिया में दुर्गा प्रतिमा विसर्जन क्रम पर विवाद।

  2. एनएच-80 पर रातभर रहा लंबा जाम।

  3. प्रशासन के आश्वासन पर जाम हटा, विसर्जन हुआ।

जागरण संवाददाता, लखीसराय। बड़हिया में दुर्गा प्रतिमाओं के विसर्जन के पारंपरिक क्रम को लेकर बुधवार की रात बवाल हो गया। तिलक मैदान स्थित बड़ी देवी की प्रतिमा के विसर्जन से पहले गंगासराय सहित ग्रामीण अंचलों की कई प्रतिमाओं का विसर्जन करा दिए जाने से आक्रोशित ग्रामीणों ने श्रीकृष्ण चौक पर धरना-प्रदर्शन करते हुए रात करीब नौ बजे एनएच-80 जाम कर दिया। रातभर सड़क जाम रहने से आवागमन बाधित रहा। बड़ी देवी सहित तीन प्रतिमाओं का विसर्जन भी अटक गया।

ग्रामीणों के अनुसार, बड़हिया में वर्षों से परंपरा रही है कि सबसे पहले तिलक मैदान स्थित बड़ी देवी की प्रतिमा का विसर्जन होता है। इसके बाद ही अन्य प्रतिमाओं का विसर्जन किया जाता है। 

ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि दंडाधिकारी, प्रखंड प्रशासन और थानाध्यक्ष ने परंपरा के विपरीत बड़ी देवी से पहले अन्य प्रतिमाओं का विसर्जन करा दिया। इससे नाराज लोगों ने श्रीकृष्ण चौक पर विरोध शुरू कर दिया और एनएच-80 को जाम कर दिया।

एसडीएम-एसडीपीओ के हस्तक्षेप पर हटा जाम

सड़क जाम की सूचना पर लखीसराय के एसडीएम प्रभाकर कुमार और एसडीपीओ शिवम कुमार गुरुवार की सुबह करीब तीन बजे मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों से बातचीत की। 

WhatsApp Image 2026-10-22 at 9.52.28 AM

प्रशासन की ओर से लिखित आश्वासन दिए जाने के बाद ग्रामीणों ने धरना समाप्त किया और जाम हटाया। रात नौ बजे से सुबह तीन बजे तक एनएच-80 पर आवागमन बाधित रहा। इस दौरान बड़ी देवी सहित तीन प्रतिमाएं सड़क पर खड़ी रहीं और उनका विसर्जन नहीं हो सका।

जाम के कारण जैतपुर की प्रतिमा का बदला विसर्जन स्थल

सड़क जाम के कारण जैतपुर की प्रतिमा को बड़हिया कॉलेज स्थित गंगा घाट ले जाने के बजाय बालगुदर स्थित हरूहर नदी में विसर्जित किया गया। वहीं, प्रशासन के लिखित आश्वासन के बाद गुरुवार की सुबह तिलक मैदान स्थित बड़ी देवी की प्रतिमा का विसर्जन हुआ। 

WhatsApp Image 2026-10-22 at 9.52.28 AM (1)

विसर्जन के पारंपरिक क्रम को लेकर उपजे विवाद ने दुर्गा पूजा के समापन के दौरान बड़हिया में देर रात तक तनावपूर्ण स्थिति बनाए रखी।

यह भी पढ़ें- लखीसराय DM का एक्शन: दुर्गा पूजा ड्यूटी से गायब मिले 21 अफसरों को नोटिस, प्रशासनिक महकमे में हड़कंप