ड्यूटी पर जा रहे आर्मी जवान की ट्रेन में मौत, जांच में जुटी पुलिस
हावड़ा काठगोदाम में सफर कर रहे सेना के एक जवान की मौत हो गई है। उसकी पहचान वैशाली के मदन मोहन के रूप में हुई है।
लखीसराय [जेएनएन]। 13020 अप काठगोदाम-हावड़ा एक्सप्रेस में शनिवार सुबह सेना के जवान मदन मोहन शुक्ल (53) की मौत हो गई। किऊल जीआरपी की मदद से जवान के शव को स्टेशन पर उतारा गया।
वह अपनी पत्नी संगीता शुक्ला के साथ ड्यूटी पर पश्चिम बंगाल के पानागढ़ जा रहे थे। ट्रेन में ही उनकी तबीयत खराब हो गई और उन्होंने दम तोड़ दिया। पत्नी संगीता शुक्ला ने बताया कि घर से चलने के दौरान उनके पति स्वस्थ थे। उन्हें किसी प्रकार की कोई बीमारी नहीं थी। दोनों अपनी-अपनी बर्थ पर सोए हुए थे।
अल सुबह अचानक वह सीट पर मृत पाए गए। ट्रेन के किऊल स्टेशन पर पहुंचने के बाद जीआरपी की मदद से शव को ट्रेन से उतारा गया। पति की मौत के बाद जीआरपी एवं महिला रेल यात्रियों ने संगीता को ढाढस बंधाया।
किऊल जीआरपी थानाध्यक्ष अशोक कुमार ने बताया कि जवान के अन्य परिजन को घटना की सूचना दे दी गई है। परिजन के आने के बाद ही कोई और जानकारी मिल सकती है।