विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

25 से पहले निपटा लें बैंक के जरूरी काम, वरना मुश्किल में फंसा जाएगा सितंबर

Published: Wed, 23 Sep 2026 03:05 PM (IST)

बैंक यूनियनों ने 28 से 30 सितंबर तक तीन दिवसीय राष्ट्रव्यापी हड़ताल का आह्वान किया है, जिससे बैंकिंग सेवाएं प्रभावित होंगी।

सांकेतिक तस्वीर

सांकेतिक तस्वीर

HighLights

  1. बैंक यूनियनों ने 28 से 30 सितंबर तक राष्ट्रव्यापी हड़ताल बुलाई है।

  2. हड़ताल से पहले सभी जरूरी बैंकिंग कार्य निपटाने की सलाह।

  3. डिजिटल बैंकिंग और एटीएम सेवाओं का उपयोग करने को कहा।

जागरण संवाददाता, लखीसराय। बैंकिंग सेवाओं को लेकर ग्राहकों के लिए महत्वपूर्ण सूचना है। यूनाइटेड फोरम आफ बैंक यूनियंस (यूएफबीयू) सहित कुछ बैंक कर्मचारी संगठनों ने 28, 29 और 30 सितंबर को तीन दिवसीय राष्ट्रव्यापी हड़ताल का आह्वान किया है।

संगठन बैंकिंग क्षेत्र में पांच दिवसीय कार्य सप्ताह लागू करने सहित अन्य मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे हैं। 11 सितंबर को एक दिवसीय हड़ताल के बाद अब तीन दिवसीय हड़ताल का कार्यक्रम तय है।

22 सितंबर को वार्ता विफल रहने के बाद यूनियनों ने हड़ताल पर आगे बढ़ने की घोषणा की है। इससे बैंक ग्राहकों को परेशानी उठानी पड़ सकती है।

एसबीआइ ने ग्राहकों को पहले ही किया आगाह

भारतीय स्टेट बैंक ने अपने ग्राहकों के लिए जारी सूचना में महत्वपूर्ण बैंकिंग लेन-देन हड़ताल से पहले पूरा करने की सलाह दी है। ग्राहकों से नकदी जरूरतों के लिए एटीएम और स्वचालित जमा एवं निकासी मशीन (एडीडब्ल्यूएम), ग्राहक सेवा केंद्र तथा योनो, यूपीआइ और अन्य डिजिटल बैंकिंग सेवाओं का उपयोग करने को कहा गया है। हालांकि शाखाओं में कामकाज कर्मचारी भागीदारी के अनुसार प्रभावित हो सकता है।

30 सितंबर को छमाही समापन, लेन-देन पर असर की आशंका

हड़ताल का अंतिम दिन 30 सितंबर है, जो बैंकों के वित्तीय वर्ष की पहली छमाही के समापन की तारीख भी है। ऐसे में चेक समाशोधन, भुगतान निपटान, खाता संबंधी कार्य और अन्य शाखा आधारित सेवाओं पर असर पड़ सकता है।

वित्त मंत्रालय ने सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों और क्षेत्रीय ग्रामीण बैंकों को आवश्यक सेवाएं जारी रखने तथा एटीएम में पर्याप्त नकदी उपलब्ध रखने के निर्देश दिए हैं।

निजी बैंकों पर हड़ताल का असर अपेक्षाकृत कम रहने की संभावना है। ग्राहकों को सलाह दी गई है कि नकद निकासी, चेक जमा, बैंक ड्राफ्ट, खाते से जुड़े जरूरी कार्य और अन्य शाखा आधारित काम 25 सितंबर तक निपटा लें, ताकि हड़ताल के दौरान परेशानी से बचा जा सके।

यह भी पढ़ें- Bihar Daroga Exam Cancelled: बड़ी खबर! BPSSC ने बिहार दरोगा मुख्य परीक्षा की रद, गड़बड़ी की शिकायत के बाद आयोग का फैसला