विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दवा का फर्जी बिल दिखाकर ले जा रहे थे 1792 लीटर शराब, लखीसराय में पुलिस ने डाक पार्सल वैन से किया बरामद

Published: Sun, 13 Sep 2026 04:45 PM (IST)

लखीसराय में डाक पार्सल वैन से 1792.44 लीटर अंग्रेजी शराब जब्त की गई।

पकड़ी गई शराब। (जागरण)

पकड़ी गई शराब। (जागरण)

HighLights

  1. डाक पार्सल वैन से 1792.44 लीटर शराब बरामद।

  2. शराब की कीमत लगभग 20 लाख रुपये आंकी गई।

  3. चालक-उपचालक गिरफ्तार, झारखंड से पटना जा रहे थे।

संवाद सहयोगी, लखीसराय। शराब तस्करों ने तस्करी के लिए डाक पार्सल वैन का इस्तेमाल शुरू कर दिया है। शनिवार की रात बड़हिया उत्पाद थाना और थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में बड़हिया प्रखंड मुख्यालय जाने वाली बाइपास सड़क पर एक संदिग्ध डाक पार्सल वैन से 1792.44 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद की गई।

शराब की कीमत करीब 20 लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस ने वैन के चालक और उपचालक को गिरफ्तार कर लिया।उत्पाद अधीक्षक दीपक कुमार सिंह की निगरानी में जब्त वैन से शराब के 200 कार्टन बाहर निकाले गए।

तलाशी के दौरान इंपीरियल ब्लू ब्रांड के 750 एमएल के 49 कार्टन, 375 एमएल के 30 और 180 एमएल के 21 कार्टन मिले।

वहीं, ओल्ड हैबिट ब्रांड के 750 एमएल के चार तथा 375 एमएल के 96 कार्टन बरामद किए गए। पूछताछ में गिरफ्तार वाहन चालक एवं उप चालक ने पुलिस को गुमराह करने का प्रयास किया।

दिखाया फर्जी बिल

पुलिस के अनुसार वैन चालक ने उसमें जीवनरक्षक दवा ले जाने की बात कही और फर्जी बिल भी दिखाया। संदेह होने पर पुलिस ने वैन की सील तोड़कर जांच की तो अंदर शराब के कार्टन मिले।

गिरफ्तार तस्करों की पहचान पटना जिले के दुल्हिन बाजार थाना क्षेत्र के पंसारी भरतपुरा वार्ड नंबर आठ निवासी सूरज कुमार (चालक) और मुन्ना कुमार (उपचालक) के रूप में हुई है।

उत्पाद अधीक्षक ने बताया कि शराब झारखंड से लाई जा रही थी। दोनों भागलपुर-बांका के रास्ते खेप लेकर पटना जा रहे थे। जब्त वैन के मालिक सहित गिरफ्तार दोनों तस्करों के विरुद्ध मामला दर्ज किया गया है।

यह भी पढ़ें- हाजीपुर में भाजयुमो जिलाध्यक्ष के घर पर अंधाधुंध फायरिंग, मौके से 10 खोखे बरामद