तौहीद एजुकेशन ट्रस्ट : दीक्षांत समारोह में राज्यपाल का संदेश, शिक्षा से सशक्त होगी सीमांचल की महिलाएं
राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान ने किशनगंज में तौहीद एजुकेशन ट्रस्ट के दीक्षांत समारोह में महिला शिक्षा पर विशेष जोर दिया। ...और पढ़ें

तौहीद एजुकेशन ट्रस्ट में इमाम बुखारी यूनिवर्सिटी में दीक्षांत समारोह में पहुंचे बिहार के राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान।
संवाद सहयोगी, किशनगंज। तौहीद एजुकेशन ट्रस्ट में प्रस्तावित इमाम बुखारी यूनिवर्सिटी परिसर में रविवार को आयोजित दीक्षांत समारोह में बिहार के राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान ने महिला शिक्षा पर विशेष जोर दिया। उन्होंने सीमांचल क्षेत्र की अल्पसंख्यक महिलाओं से शिक्षा से जुड़ने की अपील करते हुए कहा कि शिक्षा से ही जीवन और समाज का निर्माण होता है। महिलाओं के शिक्षित होने से न केवल परिवार, बल्कि पूरा समाज सशक्त बनता है। इसलिए महिलाओं को आगे बढ़कर शिक्षा ग्रहण करनी चाहिए।
कार्यक्रम में राज्यपाल के साथ उद्योग सह पथ निर्माण मंत्री डा. दिलीप कुमार जायसवाल और ग्रामीण कार्य मंत्री अशोक चौधरी भी शामिल हुए। राज्यपाल ने तौहीद एजुकेशन ट्रस्ट द्वारा शिक्षा के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि सीमांचल जैसे क्षेत्र में गुणवत्तापूर्ण शैक्षणिक संस्थानों की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि बहुत जल्द यहां एक और विश्वविद्यालय का निर्माण होगा, जिससे सीमांचल के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए बाहर नहीं जाना पड़ेगा और वे अपने जिले में ही पढ़ाई कर सकेंगे।
दीक्षांत समारोह के दौरान महदुल उलूम अल इस्लामिया, जामिया आयशा अल इस्लामिया एवं तौहीद संस्थानों से उत्तीर्ण 100 से अधिक छात्र-छात्राओं के बीच प्रमाणपत्रों का वितरण किया गया। इस अवसर पर संस्थान के छात्र-छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए, जिसे अतिथियों ने सराहा।
राज्यपाल ने अपने संबोधन में कहा कि युवा देश की सबसे बड़ी ताकत हैं और आने वाले समय के लिए उन्हें स्वयं को तैयार करना होगा। देश तेजी से प्रगति कर रहा है और 2047 के विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की भूमिका सबसे अहम होगी। इसके लिए शिक्षा को जीवन का आधार बनाना जरूरी है।
कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रगीत से हुई और समापन राष्ट्रगान के साथ किया गया। इस अवसर पर सदर विधायक कमरूल हुदा, तौहीद एजुकेशनल ट्रस्ट के चेयरमैन मौलाना मतीउर रहमान, जामिया हमदर्द यूनिवर्सिटी के कुलपति प्रो. अफसार आलम, इमाम बुखारी यूनिवर्सिटी के कुलपति डा. मोहम्मद इस्तियाक, जिलाधिकारी विशाल राज, पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
