विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

स्लीपर कोच की सीट के नीचे लावारिस पड़े थे 48 पैकेट, RPF ने खोलकर देखा तो उड़े होश; कीमत जानकर चौंक जाएंगे

Published: Fri, 27 Nov 2026 11:57 AM (IST)

किशनगंज रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ ने डिब्रूगढ़-एलटीटी एक्सप्रेस से 58.6 किलोग्राम गांजा बरामद किया, जिसकी अनुमानित कीमत 29.30 लाख रुपये है।

डिब्रूगढ़-एलटीटी एक्सप्रेस में 48 पैकेट में बंद 58 किलो गांजा बरामद। जागरण

डिब्रूगढ़-एलटीटी एक्सप्रेस में 48 पैकेट में बंद 58 किलो गांजा बरामद। जागरण

HighLights

  1. किशनगंज रेलवे स्टेशन पर 58.6 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ।

  2. डिब्रूगढ़-एलटीटी एक्सप्रेस के एस-3 कोच से मिला गांजा।

  3. आरपीएफ ने कार्रवाई कर रेल पुलिस को सौंपा मामला।

संवाद सहयोगी, किशनगंज। किशनगंज रेलवे स्टेशन पर नशे की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई में आरपीएफ ने 58.6 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। 48 पैकेट में रखी गांजे की इस खेप की अनुमानित कीमत 29 लाख 30 हजार रुपये आंकी गई है।

तस्करों ने गांजे को डिब्रूगढ़ से लोकमान्य तिलक टर्मिनस जाने वाली ट्रेन संख्या 15946 डाउन के एस-3 स्लीपर कोच में सीट के नीचे छिपाकर रखा था।

जानकारी के अनुसार, कटिहार से आरपीएफ को सूचना मिली थी कि डिब्रूगढ़-एलटीटी एक्सप्रेस के एस-3 कोच में मादक पदार्थ ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही आरपीएफ किशनगंज के अवर निरीक्षक प्रशांत कुमार, सहायक अवर निरीक्षक एचपी सिंह और कांस्टेबल पी कुमार की टीम सक्रिय हो गई।

गुरुवार को ट्रेन के किशनगंज रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या दो पर पहुंचते ही टीम ने एस-3 कोच में तलाशी अभियान चलाया।

इस दौरान सीट के नीचे लावारिस हालत में रखे 48 पैकेट मिले। जांच करने पर सभी पैकेटों में गांजा पाया गया। कुल वजन 58.6 किलोग्राम निकला।

इसके बाद बरामद गांजे को प्लेटफॉर्म पर उतारकर आरपीएफ पोस्ट लाया गया। यहां कटिहार से पहुंचे सहायक अवर निरीक्षक एस घोष और कांस्टेबल अमित कुमार की मौजूदगी में विधिवत जब्ती सूची तैयार की गई।

कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद जब्त गांजे को आगे की कार्रवाई के लिए रेल थाना को सौंप दिया गया। रेल थानाध्यक्ष अरुण कुमार चौधरी ने बताया कि गांजा बरामदगी मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।

अब यह पता लगाने की कार्रवाई की जा रही है कि गांजे की खेप किसने ट्रेन में रखी थी और इसे कहां पहुंचाया जाना था।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।