स्वामी विवेकानंद के जयंती पर लगाए जाएंगे रक्तदान शिविर
किशनगंज। अखिल विश्व गायत्री परिवार की युवा प्रकोष्ठ प्रशाखा कोचाधामन की ओर से 12 जनवरी शनिव
किशनगंज। अखिल विश्व गायत्री परिवार की युवा प्रकोष्ठ प्रशाखा कोचाधामन की ओर से 12 जनवरी शनिवार को स्वामी विवेकानंद जयंती सह राष्ट्रीय युवा दिवस के उपलक्ष्य में रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाएगा। यह जानकारी देते हुए युवा प्रकोष्ठ अध्यक्ष सौरभ कुमार ने बताया कि प्रखंड के डेरामारी पंचायत के बाभनगांव में 11 जनवरी से शुरू होने वाले तीन दिवसीय नौ कुंडीय गायत्री महायज्ञ के दूसरे दिन यानी 12 जनवरी को रक्तदान शिविर लगाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि रक्तदान जीवन दान है। रक्त दान करने से किसी की जान बच सकती है। यह सबसे पुनीत कार्य है। इसके लिए खासकर हम युवाओं को आगे आने की जरूरत है। रक्त दान से किसी भी प्रकार की कोई समस्या व शारीरिक कमजोरी नहीं होती है। बल्कि इससे कई बीमारियों का खात्मा होता है। एक स्वास्थ्य व्यक्ति हर छह महीने में एक बार रक्त दान कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि आज हमें स्वामी विवेकानंद के बताए मार्ग पर चलने की जरूरत है। भारतीय नव जागरण के अग्रदूत रहे स्वामी विवेकानंद के शिकागो में दिए गए भाषण के बदौलत आज भारत की संस्कृति को विश्व पटल पर जाना व पहचाना जाता है। स्वामी ने वेदांत व योग को दुनिया के अन्य देशों में फैलाया। आज उसका परिणाम सबके सामने है। आज हर जगह योग हो रही है लोग इसके बारे में बात कर रहे हैं। लोग इसे आत्मसात कर रहे हैं। वहीं रक्त दान शिविर के आयोजन को लेकर गायत्री परिवार के वरीय प्रज्ञा पुत्र श्यामानंद झा सहित सभी सदस्य जुट गए हैं।