इंस्टाग्राम पर देसी पिस्टल के साथ वीडियो डालना पड़ा भारी, किशनगंज पुलिस ने लिया एक्शन
इंस्टाग्राम पर देसी पिस्टल और कारतूस प्रदर्शित करने के आरोप में किशनगंज पुलिस ने दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपितों की निशानदेही पर कारतूस बरामद किए हैं।

गिरफ्तार आरोपी। फोटो जागरण
HighLights
इंस्टाग्राम पर हथियार दिखाने पर गिरफ्तारी।
किशनगंज पुलिस ने दो युवकों को दबोचा।
कारतूस बरामद, पिस्टल की तलाश जारी।
संवाद सहयोगी, किशनगंज। इंटरनेट मीडिया पर हथियारों का प्रदर्शन कर धौंस जमाना दो युवकों को भारी पड़ गया। इंस्टाग्राम पर देसी पिस्टल और कारतूस के साथ फोटो व वीडियो अपलोड करने के मामले में किशनगंज पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपितों की निशानदेही पर दो कारतूस बरामद किया है जबकि पिस्टल की तलाश जारी है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार के निर्देश पर जिला आसूचना इकाई और संबंधित थानों की पुलिस की संयुक्त टीम गठित की गई।
पुलिस को 27 अक्टूबर को सूचना मिली थी कि इंस्टाग्राम अकाउंट लव यू 0302111 पर दो युवक देसी पिस्टल और कारतूस के साथ फोटो व वीडियो पोस्ट कर रहे हैं।
जांच में आरोपितों की पहचान टेढ़ागाछ थाना क्षेत्र के दुमरिया घाट निवासी सुहाना कुमार (20), पिता मुन्ना महतो, और जितेंद्र कुमार (22), पिता जितन महतो के रूप में हुई। इसके बाद पुलिस ने छापेमारी कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस से बचने के लिए नदी में फेंक दी पिस्टल
पूछताछ में सामने आया कि दोनों युवकों ने विश्वकर्मा पूजा 2026 के दौरान हथियार और कारतूस के साथ फोटो व वीडियो बनाकर इंस्टाग्राम पर अपलोड किया था। फोटो-वीडियो प्रसारित होने के बाद पुलिस की कार्रवाई से बचने के लिए उन्होंने देसी पिस्टल को कनकई नदी में और कारतूस को नदी किनारे पॉलिथीन में छिपाकर फेंक दिया था।
आरोपितों की निशानदेही पर पुलिस ने नदी और आसपास के इलाके में सघन तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान नदी किनारे काले रंग की पॉलिथीन से दो कारतूस बरामद किए गए। हालांकि, देसी पिस्टल अब तक बरामद नहीं हुई है। हथियार की बरामदगी के लिए पुलिस की छापेमारी और तलाशी जारी है।
आर्म्स एक्ट में प्राथमिकी, हथियार के स्रोत की हो रही जांच
पुलिस ने इस मामले में टेढ़ागाछ थाना में आर्म्स एक्ट में प्राथमिकी दर्ज की है। गिरफ्तार आरोपितों को न्यायालय में प्रस्तुत करने की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि हथियार कहां से आया और मामले में अन्य किसी की संलिप्तता तो नहीं है।
एसपी संतोष कुमार ने कहा कि इंटरनेट मीडिया पर हथियारों का प्रदर्शन कर कानून-व्यवस्था को चुनौती देने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें- सुपौल सदर अस्पताल में ऑक्सीजन प्लांट पर लटका ताला, मरीजों तक पाइपलाइन से सीधी सप्लाई बंद
यह भी पढ़ें- जाति प्रमाणपत्र मामले में घिरे राज्य ST आयोग के सदस्य, बक्सर डीएम ने की कार्रवाई की अनुशंसा
