ठंड में कमजोर और प्रीमैच्योर बच्चों की जान बचाती है मां की एक 'झप्पी', डॉक्टरों ने बताए 'कंगारू मदर केयर' के फायदे
सर्दी में कम वजन और समय से पहले जन्मे शिशुओं के लिए कंगारू मदर केयर (केएमसी) एक जीवनरक्षक तकनीक है। ...और पढ़ें

ठंड में कमजोर और प्रीमैच्योर बच्चों की जान बचाती है मां की एक 'झप्पी'
HighLights
केएमसी हाइपोथर्मिया से बचाकर शिशु का तापमान नियंत्रित रखती है।
यह कम वजन और समय से पहले जन्मे बच्चों के लिए लाभकारी है।
मां-बच्चे का भावनात्मक जुड़ाव मजबूत होता है, पोषण भी मिलता है।
संवाद सहयोगी, किशनगंज। सर्दी के मौसम में नवजात शिशुओं, खासकर समय से पहले जन्मे और कम वजन वाले बच्चों की देखभाल बड़ी चुनौती बन जाती है। जन्म के शुरुआती दिनों में शिशु का शरीर अपना तापमान नियंत्रित करने में पूरी तरह सक्षम नहीं होता।
ऐसे में हाइपोथर्मिया यानी शरीर का तापमान सामान्य से नीचे गिरना जानलेवा साबित हो सकता है। इससे बचाव में मां की छाती की प्राकृतिक गर्माहट सुरक्षा कवच बनती है। चिकित्सा विज्ञान में इसे 'कंगारू मदर केयर' (केएमसी) कहा जाता है।
सिविल सर्जन डॉ. राज कुमार चौधरी ने बताया कि विशेषकर दो किलोग्राम से कम वजन वाले और प्रीमैच्योर बच्चों के लिए केएमसी बेहद लाभकारी है। इसमें शिशु को मां की नंगी छाती से सटाकर रखा जाता है। इससे शरीर का तापमान नियंत्रित रहता है और नियमित स्तनपान से पर्याप्त पोषण मिलता है।
वजन बढ़ने, संक्रमण का जोखिम घटाने और स्वस्थ विकास में भी मदद मिलती है। चिकित्सकीय प्रशिक्षण के बाद पिता या परिवार के अन्य सदस्य भी यह देखभाल कर सकते हैं।
उन्होंने बताया कि सदर अस्पताल की विशेष नवजात शिशु देखभाल इकाई (एसएनसीयू) में कमजोर नवजातों को उनकी स्थिति के अनुसार उपचार, पोषण और तापमान प्रबंधन की सुविधा दी जाती है।
उपाधीक्षक डॉ. मंजर आलम ने बताया कि केएमसी से मां और बच्चे के बीच भावनात्मक जुड़ाव मजबूत होता है और शिशु को बेहतर नींद और सुरक्षा का एहसास मिलता है। अस्पताल में अभिभावकों को घर पर सुरक्षित देखभाल के तरीके भी समझाए जाते हैं।
महिला चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. शबनम यास्मीन ने बताया कि शिशु का शरीर ठंडा होना, दूध कम पीना, असामान्य सुस्ती और सांस लेने में परेशानी हाइपोथर्मिया के संकेत हो सकते हैं। ऐसी स्थिति में तत्काल चिकित्सकीय सहायता लेनी चाहिए।
केएमसी के दौरान शिशु का सिर एक तरफ, गर्दन हल्की पीछे और सांस का रास्ता खुला रखना जरूरी है। शिशु की स्थिति के अनुसार चिकित्सक की सलाह से इसकी अवधि तय करनी चाहिए।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।