विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

किशनगंज होकर गुजरेंगी कई पूजा स्पेशल ट्रेनें, रेलवे ने जारी की रूट और टाइमिंग

Published: Mon, 28 Sep 2026 06:00 AM (IST)

पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे ने दुर्गापूजा, दीपावली और छठ पर्व के लिए यात्रियों की भीड़ को देखते हुए कई स्पेशल ट्रेनों के परिचालन का निर्णय लिया है।

एआई द्वारा जेनरेट इमेज।

एआई द्वारा जेनरेट इमेज।

HighLights

  1. दुर्गापूजा, दीपावली और छठ पर्व के लिए स्पेशल ट्रेनों का संचालन।

  2. किशनगंज होकर चलेंगी सिकंदराबाद, हावड़ा, कोलकाता से स्पेशल ट्रेनें।

  3. त्योहारी सीजन में यात्रियों को मिलेगी अतिरिक्त रेल यात्रा सुविधा।

संवाद सहयोगी, किशनगंज। आगामी दुर्गापूजा, दीपावली और छठ पर्व को देखते हुए पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे ने यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए कई स्पेशल ट्रेनों के परिचालन का निर्णय लिया है।

इन ट्रेनों के परिचालन से किशनगंज होकर आने-जाने वाले यात्रियों को भी अतिरिक्त रेल सुविधा मिलेगी। सिकंदराबाद-नाहरलगुन, सांतरागाछी-नाहरलगुन, हावड़ा-लामडिंग और कोलकाता-न्यू जलपाईगुड़ी के बीच स्पेशल ट्रेनें चलेंगी।

इन ट्रेनों से बिहार, पश्चिम बंगाल, झारखंड, ओडिशा, तेलंगाना और पूर्वोत्तर राज्यों के बीच त्योहारी सीजन में कनेक्टिविटी मजबूत होगी।

सिकंदराबाद-नाहरलगुन के बीच पांच अतिरिक्त फेरे

ट्रेन संख्या 07046 सिकंदराबाद-नाहरलगुन स्पेशल दो अक्टूबर से 30 अक्टूबर तक प्रत्येक शुक्रवार को सिकंदराबाद से सुबह 8:30 बजे रवाना होगी और रविवार को शाम चार बजे नाहरलगुन पहुंचेगी।

वापसी में ट्रेन संख्या 07047 नाहरलगुन-सिकंदराबाद स्पेशल पांच अक्टूबर से दो नवंबर तक प्रत्येक सोमवार को नाहरलगुन से दोपहर एक बजे चलेगी और बुधवार को रात 9:50 बजे सिकंदराबाद पहुंचेगी। दोनों दिशाओं में पांच-पांच अतिरिक्त फेरे लगाए जाएंगे। ट्रेन का परिचालन मौजूदा ठहराव और कोच संयोजन के अनुसार होगा।

सांतरागाछी-नाहरलगुन स्पेशल के नौ-नौ फेरे

ट्रेन संख्या 08047 सांतरागाछी-नाहरलगुन स्पेशल दो अक्टूबर से 27 नवंबर तक प्रत्येक शुक्रवार को शाम छह बजे सांतरागाछी से रवाना होकर शनिवार को रात 8:50 बजे नाहरलगुन पहुंचेगी।

वापसी में ट्रेन संख्या 08048 नाहरलगुन-सांतरागाछी स्पेशल तीन अक्टूबर से 28 नवंबर तक प्रत्येक शनिवार को रात 11:55 बजे नाहरलगुन से चलेगी और सोमवार को सुबह 4:15 बजे सांतरागाछी पहुंचेगी। दोनों दिशाओं में नौ-नौ अतिरिक्त फेरे होंगे।

हावड़ा-लामडिंग स्पेशल का किशनगंज में ठहराव

ट्रेन संख्या 03005 हावड़ा-लामडिंग स्पेशल 16 अक्टूबर से 27 नवंबर तक प्रत्येक शुक्रवार को सुबह 7:15 बजे हावड़ा से चलेगी और शनिवार को सुबह आठ बजे लामडिंग पहुंचेगी।

वापसी में ट्रेन संख्या 03006 लामडिंग-हावड़ा स्पेशल 17 अक्टूबर से 28 नवंबर तक प्रत्येक शनिवार को सुबह 11 बजे लामडिंग से रवाना होकर रविवार को दोपहर 12:30 बजे हावड़ा पहुंचेगी। दोनों दिशाओं में सात-सात अतिरिक्त फेरे लगाए जाएंगे।

इस ट्रेन का किशनगंज में भी ठहराव होगा। इसके अलावा बैण्डेल, कटवा, जंगीपुर रोड, मालदा टाउन, न्यू जलपाईगुड़ी, कामाख्या और होजाई समेत कई महत्वपूर्ण स्टेशनों पर ट्रेन रुकेगी।

कोलकाता-न्यू जलपाईगुड़ी के बीच 14-14 अतिरिक्त फेरे

ट्रेन संख्या 03129 कोलकाता-न्यू जलपाईगुड़ी स्पेशल 17 अक्टूबर से 29 नवंबर तक प्रत्येक शनिवार और रविवार को रात 11:10 बजे कोलकाता से रवाना होगी और अगले दिन सुबह 10:45 बजे न्यू जलपाईगुड़ी पहुंचेगी।

वापसी में ट्रेन संख्या 03130 न्यू जलपाईगुड़ी-कोलकाता स्पेशल 18 अक्टूबर से 30 नवंबर तक प्रत्येक रविवार और सोमवार को दोपहर 12:45 बजे न्यू जलपाईगुड़ी से चलेगी और अगले दिन रात 12:40 बजे कोलकाता पहुंचेगी। दोनों दिशाओं में 14-14 अतिरिक्त फेरे होंगे।

इस ट्रेन का बारसोई और किशनगंज में भी ठहराव रहेगा। इसके अलावा नैहाटी, नवद्वीप धाम, आजिमगंज और न्यू फरक्का सहित अन्य महत्वपूर्ण स्टेशनों पर भी ठहराव दिया गया है।

रेलवे के इस निर्णय से पूजा, दीपावली और छठ के दौरान घर लौटने वाले यात्रियों को अतिरिक्त ट्रेन विकल्प मिलेंगे। खासकर किशनगंज और आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों के लिए हावड़ा, कोलकाता और पूर्वोत्तर क्षेत्र की ओर आने-जाने में सुविधा बढ़ेगी। स्पेशल ट्रेनों के परिचालन से नियमित ट्रेनों पर त्योहारी भीड़ का दबाव कम करने में भी मदद मिलने की उम्मीद है।

यह भी पढ़ें- Indian Railway: 7 से 17 दिसंबर के बीच प्रभावित रहेंगी कई ट्रेनें, यात्रा से पहले एनटीईएस एप पर जांचें स्टेटस