लोकतंत्र के महापर्व में निभाएं अपनी सहभागिता : डॉ. मोहन लाल जैन
किशनगंज। चुनाव हर नागरिकों को पांच वर्ष में एक बार मतदान करने का अवसर प्रदान करता है।
किशनगंज। चुनाव हर नागरिकों को पांच वर्ष में एक बार मतदान करने का अवसर प्रदान करता है। मतदाता को कोशिश करनी चाहिए कि अपने वोट का प्रयोग बिना किसी लोभ लालच के सोच समझ कर करें। आपका एक वोट स्थाई सरकार के गठन में निर्णायक भूमिका अदा कर सकता है। लोकतंत्र की सफलता के लिए निष्पक्ष मतदान करना बहुत जरूरी है। संविधान में जितने अधिकार लोगों को दिए गए हैं। इनमें से एक वोट का अधिकार भी शामिल हैं। यह अपील वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. मोहन लाल जैन ने आमजन से की है।
उन्होंने कहा कि केंद्र में सशक्त और स्थाई सरकार का गठन बहुत जरूरी है। ताकि आर्थिक, सामाजिक और राजनीतिक क्षेत्र में देश की स्थिति मजबूत हो सके। मतदाता अपने वोट से किसी भी पार्टी को केंद्र की सत्ता में विराजमान करने के साथ बेदखल भी कर सकती है। वर्तमान समय में देश की 50 फीसद आबादी 35 वर्ष से कम उम्र के युवाओं की है। इसका एक बड़ा हिस्सा 18 वर्ष की उम्र पार कर रहा है। उन्हें जागरूक करना और लोकतांत्रिक प्रक्रिया का हिस्सा बनाना अत्यंत ही जरूरी है। इस वजह से युवाओं की अहम जिम्मेदारी बनती है कि अपना मतदान अवश्य करें। साथ ही समाज के हर वर्ग के लोगों को मतदान के लिए प्रेरित करें। वोट के महत्व के साथ अपने मतदाता होने के फर्ज को पूरी जिम्मेदारी से निभाएंगे। लोगों को शपथ लेनी चाहिए कि किसी भी प्रकार के प्रलोभन में नही फंसते हुए अपने वोट का प्रयोग स्वविवेक के आधार पर पूर्ण निष्पक्षता और निष्ठा के साथ करेंगे। तभी मतदाता का वोट लोकतंत्र में अहम भूमिका निभाने में सक्षम हो पाएगा।