'अमेरिका में बैठकर नहीं चलेगा देश', जंतर-मंतर प्रदर्शन को लेकर दिलीप जायसवाल ने राहुल गांधी और CJP पर कसा तंज
बिहार के राजस्व मंत्री डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल ने राहुल गांधी पर सत्ता की लालच में देश को अस्थिर करने का आरोप लगाया।

दिलीप जायसवाल ने मीडिया से की बातचीत। (जागरण)
HighLights
राहुल गांधी पर सत्ता की लालच में देश अस्थिर करने का आरोप।
जंतर-मंतर प्रदर्शन को देश विरोधी ताकतों का प्रयास बताया मंत्री ने।
मतदाता सूची पुनरीक्षण (SIR) विरोध को मंत्री ने अनुचित ठहराया।
जागरण संवाददाता, किशनगंज। बिहार सरकार के राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला है।
उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी के दिमाग में केवल सत्ता की लालच रह गया है और चुनी हुई सरकार के खिलाफ भ्रामक प्रचार कर देश को अस्थिर करने का प्रयास किया जा रहा है।
जंतर-मंतर पर हुए प्रदर्शन को लेकर उन्होंने टिप्पणी करते हुए कहा अभी तो कॉकरोचों को पुलिस ने पकड़ा है नहीं सुधरे तो आने वाले समय में देश की जनता इन काकरोचों को पकड़-पकड़कर दौड़ा-दौड़ाकर बताएगी कि देश विरोधी ताकतों से देश नहीं चलेगा।
किशनगंज में पत्रकारों से बात करते हुए रविवार को डॉ. जायसवाल ने कहा कि संविधान और लोकतांत्रिक प्रक्रिया के तहत देश की जनता ने 2029 तक के लिए एक स्थिर सरकार चुनी है।
ऐसे में चुनी हुई सरकार के खिलाफ दलीय राजनीति से प्रेरित होकर देश में भ्रम और अस्थिरता पैदा करने का प्रयास स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जंतर-मंतर या देश में कहीं भी प्रदर्शन के नाम पर सरकार के कामकाज को बाधित करने का प्रयास किया जाएगा तो इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
SIR पर राहुल गांधी को घेरा
एसआईआर के विरोध को लेकर भी मंत्री ने राहुल गांधी और विपक्ष पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि एसआईआर का मतलब ही मतदाता सूची का पुनरीक्षण है।
विरोध करने वालों को यह बताना चाहिए कि जिन मतदाताओं की मृत्यु हो चुकी है, जो ट्रेसलेस हैं अथवा जिनके नाम दो जगह दर्ज हैं, क्या ऐसे नाम मतदाता सूची से हटने चाहिए या नहीं।
उन्होंने कहा कि अलग-अलग राज्यों में एसआईआर को लेकर अलग-अलग मापदंड नहीं अपनाए जा सकते। यदि मतदाता सूची को शुद्ध करने की प्रक्रिया कहीं उचित है तो दूसरी जगह उसका विरोध करने का कोई औचित्य नहीं है।
अमेरिका में बैठकर फेसबुक-इंस्टाग्राम से नहीं चलेगा देश
डॉ. जायसवाल ने कहा कि अमेरिका में बैठकर फेसबुक और इंस्टाग्राम के माध्यम से देश नहीं चलाया जा सकता। उन्होंने आरोप लगाया कि जेन-जी के नाम पर देश को बदनाम और अस्थिर करने का प्रयास किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि यदि को कॉकरोच नहीं सुधरे तो जनता उन्हें जवाब देगी। मंत्री ने कहा कि जाति और धर्म के नाम पर लोगों को बांटकर भड़काने का प्रयास गलत है। देश संविधान और लोकतंत्र से चलता है।
उन्होंने एक विमान को हाईजैक होने से बचाने वाले पायलट की बहादुरी का उल्लेख करते हुए कहा कि पूरा देश उसकी प्रशंसा कर रहा है, लेकिन राहुल गांधी की ओर से इस घटना पर एक ट्वीट तक नहीं किया गया। उन्होंने कहा कि देश की जनता सब कुछ देख रही है।
