विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हर महीने की 10 तारीख को आएगी पेंशन, किशनगंज के 1.56 लाख लाभुकों के खाते में ट्रांसफर हुए ₹18.35 करोड़

Published: Sat, 10 Oct 2026 04:40 PM (IST)

किशनगंज जिले के 1.56 लाख से अधिक सामाजिक सुरक्षा पेंशन लाभार्थियों के खातों में सितंबर माह की 18.35 करोड़ रुपये की राशि डीबीटी के माध्यम से हस्तांतरित की गई।

एआई द्वारा जेनरेट इमेज।

एआई द्वारा जेनरेट इमेज।

HighLights

  1. 1.56 लाख किशनगंज पेंशनधारियों को 18.35 करोड़ रुपये हस्तांतरित।

  2. अब हर महीने की 10 तारीख को मिलेगी पेंशन।

  3. जीवन प्रमाणीकरण और आधार सीडिंग जल्द कराने की अपील।

जागरण संवाददाता, किशनगंज। जिले के 1,56,171 सामाजिक सुरक्षा पेंशन लाभुकों के बैंक खातों में सितंबर माह की पेंशन राशि हस्तांतरित कर दी गई है।

शनिवार को प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) के माध्यम से जिले के लाभुकों के खाते में कुल 18 करोड़ 35 लाख 49 हजार 400 रुपये भेजे गए। वहीं, पूरे बिहार में 1,08,36,005 लाभुकों के खातों में 1,100 रुपये प्रति लाभुक की दर से कुल 12,374 करोड़ रुपये से अधिक की राशि हस्तांतरित की गई।

इसको लेकर समाहरणालय स्थित एनआइसी कक्ष में सामाजिक सुरक्षा पेंशन राशि अंतरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की अध्यक्षता में आयोजित राज्यस्तरीय कार्यक्रम का वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रसारण किया गया। इस दौरान जिले के अधिकारियों और पेंशन लाभुकों ने कार्यक्रम में भाग लिया।

हर महीने की 10 तारीख को मिलेगी पेंशन

कार्यक्रम की शुरुआत वरीय उप समाहर्ता सह सहायक निदेशक, जिला सामाजिक सुरक्षा कोषांग श्रीति कुमारी ने की। उन्होंने सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं की जानकारी देते हुए बताया कि अब प्रत्येक महीने की 10 तारीख को डीबीटी के माध्यम से लाभुकों के बैंक खातों में पेंशन राशि हस्तांतरित की जाएगी।

इससे वृद्धजनों, विधवा महिलाओं और दिव्यांगजनों सहित समाज के कमजोर वर्गों को नियमित आर्थिक सहायता मिल सकेगी।

उन्होंने कहा कि सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाएं जरूरतमंद लोगों को आर्थिक संबल प्रदान करने के साथ उन्हें सम्मानपूर्वक जीवनयापन करने में सहायता करती हैं।

जीवन प्रमाणीकरण और आधार सीडिंग जल्द कराने की अपील

जिला प्रशासन ने वैसे पेंशन लाभुकों से जल्द से जल्द जीवन प्रमाणीकरण और आधार सीडिंग कराने की अपील की है, जिन्होंने अब तक यह प्रक्रिया पूरी नहीं की है। अधिकारियों ने कहा कि आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी रहने से पेंशन राशि का समय पर भुगतान सुनिश्चित करने में सहूलियत होगी।

अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे योजनाओं का लाभ : डीएम

जिला पदाधिकारी नवीन कुमार ने कहा कि राज्य सरकार की प्रतिबद्धता है कि विकास और कल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे।

सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं का उद्देश्य कमजोर और जरूरतमंद वर्गों को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराकर उनके जीवन स्तर में सुधार लाना है।

उन्होंने कहा कि वृद्धजनों, विधवा महिलाओं और दिव्यांगजनों को नियमित आर्थिक सहायता उपलब्ध कराना उनके सम्मानजनक जीवनयापन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। जिला प्रशासन भी पात्र लाभुकों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।

यह भी पढ़ें- सिवान में 3.31 लाख लोगों के खाते में आए ₹37.61 करोड़, CM सम्राट ने एक क्लिक में ट्रांसफर की पेंशन की राशि