नवविवाहित ने लगाई फांसी, पति गिरफ्तार
- आठ माह पूर्व हुई थी मृतका की शादी - पति करता था नशा का धंधा संवाद सूत्र, ठाकुरगंज (
- आठ माह पूर्व हुई थी मृतका की शादी
- पति करता था नशा का धंधा
संवाद सूत्र, ठाकुरगंज (किशनगंज) : नगर के वार्ड नंबर चार स्थित फौदार बस्ती में मंगलवार की शाम 22 वर्षीय महिला ने पंखे से लटक कर अपनी जान दे दी। जिस वक्त घटना हुई उस वक्त घर पर कोई नहीं था। महिला का नाम गुंजन देवी बताया जाता है। जिसकी शादी आठ माह पूर्व विनोद साह से हुई थी। घटना का कारण पति का गलत धंधा करना बताया जाता है। घटना की जानकारी मिलने के बाद मृतका के परिजन फौदार बस्ती पहुंच गए। पिता ने अपने दामाद पर ही बेटी को आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगाया। पिता पानो साह ने दामाद के खिलाफ थाना में आवेदन देकर आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज करवाया है। पुलिस ने आरोपी पति विनोद को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। घटना की पुष्टि करते हुए थानाध्यक्ष सह इंस्पेक्टर रंजन कुमार ने बताया कि मंगलवार की रात्रि सूचना मिली कि फौदार बस्ती में विनोद साह की पत्नी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। सूचना मिलते ही घटनास्थल पर पहुंच कर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए किशनगंज भेज दिया। मृतका के पिता ने लिखित आवेदन में आरोप लगाया है कि उसकी सबसे छोटी बेटी गुंजन कुमारी की शादी आठ माह पूर्व विनोद साह से हुई थी। मेरा दामाद अपने एक साथी के साथ मिलकर नशा का धंधा करता था। जिसकी विरोध मेरी बेटी अक्सर किया करती थी। दामाद की करतूतों के बारे में उसने कई बार हमलोगों को शिकायत भी की। पति के प्रताड़ना के कारण ही मेरी बेटी ने आत्महत्या की है। थानाध्यक्ष ने बताया कि पिता के आवेदन पर कांड संख्या 133 /18 दर्ज करते हुए मृतका के पति को गिरफ्तार कर किशनगंज कारा भेज दिया गया है।