सात साल से फरार शिक्षिका के घर पर चिपकाया गया इस्तेहार
एमडीएम की राशि हेराफेरी मामले में सात साल से फरार शिक्षिका के घर पर कोर्ट के आदेश के आलोक में इश्तेहार चिपकाया गया। बावजूद शिक्षिका ने अगर समर्पण नहीं किया तो उनके घर की कुर्की जब्ती की प्रक्रिया अपनाई जाएगी।
जागरण संवाददाता, खगड़िया : एमडीएम की राशि हेराफेरी मामले में सात साल से फरार शिक्षिका के घर पर कोर्ट के आदेश के आलोक में इश्तेहार चिपकाया गया। बावजूद शिक्षिका ने अगर समर्पण नहीं किया तो उनके घर की कुर्की जब्ती की प्रक्रिया अपनाई जाएगी। चित्रगुप्तनगर थानाध्यक्ष संजीव कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा मध्य विद्यालय सनोखर की पूर्व प्रभारी प्रधानाध्यापिका गीता देवी के घर पर इश्तेहार चिपकाया गया। 2015 में तत्कालीन प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी द्वारा एफआइआर दर्ज कराई गई थी। जिसमें आरोप लगाया गया कि उक्त विद्यालय की प्रभारी प्रधान गीता देवी द्वारा एसबीआइ सन्हौली शाखा से एक लाख 65 हजार की निकासी कर ली गई और उसका सदुपयोग नहीं किया गया। यह राशि एमडीएम की थी। 23 मार्च 2014 से 9 मई 2014 के बीच इस राशि की निकासी की गई। अवैध निकासी को लेकर केस दर्ज कराया गया और शिक्षिका की गिरफ्तारी के आदेश दिए गए। बावजूद शिक्षिका फरार चल रही है। थानाध्यक्ष ने बताया कि शिक्षिका के घर पर इश्तेहार चिपकाया गया है। ------------- पांच लाख की लूट मामले में रौन का मंटुन यादव गिरफ्तार
जागरण संवाददाता, खगड़िया : लंबित मामलों के निष्पादन के लिए पुलिस की भृकुटी तन गई है। पुलिस मुख्यालय की लगातार मोनेटरिग का असर धरातल पर दिखने लगा है। लंबित मामलों के फरारियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार पुलिस टीम विभिन्न ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।
एसपी अमितेश कुमार के निर्देश पर पांच लाख रुपये छिनतई के मामले में फरार मंटुन यादव को चित्रगुप्तनगर थानाध्यक्ष संजीव कुमार के नेतृत्व में की गई छापेमारी के दौरान दबोच लिया गया। 2019 में ओवर ब्रिज के समीप से जितेंद्र कुमार से पांच लाख की छिनतई हुई थी। गिरफ्तार मंटुन यादव अलौली के रौन का रहने वाला है। थानाध्यक्ष संजीव कुमार ने उसकी गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए बताया कि पूछताछ बाद उसे जेल भेजने की प्रक्रिया अपनाई जा रही है। एक फर्जीवाड़ा के मामले में इंदु कुमार राय को पकड़ा गया है। वह अलौली के सनोखर का रहने वाला है। थानाध्यक्ष ने बताया कि उसे भी जेल भेजने की प्रक्रिया अपनाई जा रही है।