सनकी प्रेमी ने नाबालिग प्रेमिका से कहा-अभी करो शादी, 'ना' सुनते ही मार दी गोली
एक तरफा प्यार और शादी रचाने की जिद कर रहे सनकी प्रेमी से नाबालिग लड़की ने शादी करने से इन्कार कर दिया। ना सुनते ही प्रेमी ने पिस्तौल की सब की सब गोलियां उसके सीने में उतार दी।
खगडिय़ा, जेएनएन। जेल से छूटकर निकला एकतरफा प्यार करने वाला सनकी आशिक नाबालिग लड़की के घर में घुसकर उससे अभी के अभी शादी करने की जिद करने लगा। लड़की की ना सुनते ही पिस्तौल की सारी-की-सारी गोलियां लड़की के सीने में उतार दी। जब उसकी मौत हो गई तो वहां से फरार हो गया।
जिले के चौथम थाना क्षेत्र के तेलौंछ पंचायत स्थित पहाड़चक गांव में एक युवक ने दिनदहाड़े पड़ोस में रहने वाली एक किशोरी के घर में घुसकर गोली मारकर उसकी हत्या कर दी। उसका नाम शोभा कुमारी (15) था। वह पहाड़चक गांव के रवींद्र साह की पुत्री थी।
अचानक घर में गोली चलने की आवाज सुनकर लड़की के परिजन उधर दौड़े तो उन्होंने शोभा को खून से लथपथ पड़ा पाया। लेकिन जबतक वे उसे अस्पताल ले जाते तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। इस घटना से उसके परिजनों में कोहराम मच गया।
सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष निलेश कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की। उन्होंने शव को कब्जे में ले लिया। मृतका के परिजनों ने पड़ोस में रहने वाले राजकुमार शर्मा के पुत्र कृष्ण कुमार (25) पर गोली मारकर उसकी हत्या करने का आरोप लगाया है।
उनका आरोप है कि कुछ दिनों से वह उनकी बेटी के साथ अपनी शादी कराने का दबाव डाल रहा था। ऐसा करने से उनके इंकार करने पर उसके द्वारा इस हिंसक घटना को अंजाम दिया गया। किशोरी की हत्या की घटना से गांव के लोग मर्माहत हैं।
कहा-थानाध्यक्ष ने
लड़की की गोली मारकर हत्या की गई है। घटना की जांच की जा रही है। आरोपित युवक के परिजनों से पूछताछ की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए खगडिय़ा सदर अस्पताल भेजा जा रहा है। दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।
निलेश कुमार, थानाध्यक्ष, चौथम
जेल से छूटकर आया था आरोपी, फेसबुक पर पोस्ट किया था फोटो
लड़की के पिता ने बताया कि आरोपी गांव का ही लड़का है। उन्होंने बताया कि कुछ महीने पहले ही सरकारी योजना के गबन के मामले में जेल से छूटकर आया था। जेल से आने के बाद आरोपी युवक लगातार लड़की पर और उसके परिवार पर शादी का दबाव बना रहा था।
आरोपी ने लड़की की फोटो को अपने फोटो के साथ जोड़कर फेसबुक पर इसलिए पोस्ट कर दिया था ताकि यह साबित हो जाए कि वह उसका प्रेमी है। फेसबुक पर तस्वीर लगाने के बाद वह लड़की के पूरे परिवार को ब्लैकमेल करने लगा था और जबरन शादी करने के लिए दबाव बना रहा था।