भारी बारिश के 23 दिनों बाद भी नहीं निकला है शहर के कई हिस्सों से पानी
खगड़िया। जिला मुख्यालय में बीते दिनों हुई भारी बारिश बाद जलजमाव की त्रासदी कई हिस्सों में
खगड़िया। जिला मुख्यालय में बीते दिनों हुई भारी बारिश बाद जलजमाव की त्रासदी कई हिस्सों में बरकरार है। 23 दिनों बाद भी जन जीवन सामान्य नहीं हो सका है।
बीते 28 सितंबर को हुई भारी बारिश का असर अब तक दिख रहा है। कई मुहल्ले के लोग जलजमाव के कारण अपने घर से पलायन कर अन्यत्र शरण लिए हुए हैं।
राजेंद्र नगर मुहल्ले में हुए जल जमाव को लेकर बीते नौ अक्टूबर को समाहरणालय के सामने प्रदर्शन हुआ था। प्रदर्शनकारियों ने घंटों सड़क जाम रखा था। कानून व्यवस्था की समस्या उत्पन्न होने के बाद 10 अक्टूबर से राजेंद्र नगर से पानी की निकासी शुरू हुई, जो 11वें दिन भी जारी है। जल जमाव के कारण पथ निर्माण विभाग के कार्यपालक अभियंता, सहायक अभियंता, जिला पंचायत राज पदाधिकारी संजय कुमार वर्मा, उप निर्वाचन पदाधिकारी जितेंद्र कुमार, गोपनीय शाखा प्रभारी ब्रजकिशोर चौधरी समेत दर्जनों पदाधिकारी एवं सैकड़ों लोग अन्यत्र शरण लिए हुए हैं। आफिसर्स कालोनी परिसर से अब तक पूरी तरह जल जमाव समाप्त नहीं हुआ है। पथ निर्माण विभाग के कार्यपालक अभियंता एवं सहायक अभियंता के आवासीय परिसर से पानी नहीं निकला है।
समाहरणालय के सामने स्थित वार्ड नंबर-25 के लगभग आधा दर्जन व्यवसायिक प्रतिष्ठान में भी जल जमाव है। जिसके चलते प्रतिष्ठान बीते 23 दिनों से बंद है। चित्रगुप्तनगर मुहल्ला में स्थित चिल्ड्रेन पार्क तो झील में तब्दील है।