केंद्र सरकार के कारण देश में भयंकर मंदी
वाम दलों ने राष्ट्रव्यापी आह्वान पर बुधवार को समाहरणालय के समक्ष धरना दिया। इससे पूर्व जुलूस ि
वाम दलों ने राष्ट्रव्यापी आह्वान पर बुधवार को समाहरणालय के समक्ष धरना दिया। इससे पूर्व जुलूस निकाला। जो शहर के विभिन्न मार्गो का भ्रमण करते हुए समाहरणालय के समक्ष पहुंचा। यहां कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया और नारेबाजी की। जल जमाव का स्थाई निदान करो, किसानों के ऋण माफ करो, नया ऋण दो, आर्थिक मंदी को रोको आदि नारे से इलाके गुंजायमान हो उठा।
इसके बाद सभी धरना पर बैठ गए। धरना सभा की अध्यक्षता माकपा नेता हरेराम चौधरी, भाकपा के पुनित मुखिया और माले के अभय वर्मा ने की। सभा को संबोधित करते हुए माकपा जिला सचिव संजय कुमार ने केंद्र एवं राज्य सरकार पर जमकर प्रहार किया। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की गलत आर्थिक नीतियों के कारण आज देश भयंकर आर्थिक मंदी का सामना कर रहा है। लेकिन सरकार रेलवे और बीएसएनएल का निजीकरण पर आमदा है। उन्होंने कहा कि खगड़िया शहर बारिश के पानी में डूब गया। प्रशासन और नगर परिषद के तैयारियों की पोल खुल गई। बारिश के पानी से शहर में नाव चल रही है।
भाकपा जिलामंत्री प्रभाकर प्रसाद सिंह ने कहा कि लगभग दो लाख की आबादी बाढ़ की चपेट में आई। बाढ़ पीड़ितों के समक्ष रोजी-रोटी की समस्या है। सरकारी राहत कागजी है। उन्होंने कहा कि आज भी शहर में जगह-जगह जल जमाव है। यह सुशासन की पोल खोल रही है। सभा को माले के अरुण दास आदि ने संबोधित किया।