विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पटरियों पर नहीं, दीवारों पर दौड़ रही 'ट्रेन', खगड़िया में सरकारी स्कूल बना 'बिहार शिक्षा एक्सप्रेस', बच्‍चों ने की सवारी

Published: Wed, 30 Sep 2026 02:55 PM (IST)

Khagaria School Train Look: खगड़िया के परबत्ता स्थित मुकेश प्राथमिक विद्यालय ने अपने भवन को 'बिहार शिक्षा एक्सप्रेस' नामक ट्रेन ...और पढ़ें

HighLights

  1. मुकेश प्राथमिक विद्यालय, करना ने भवन को ट्रेन का रूप दिया।

  2. प्रधान शिक्षक हिमांशु शेखर झा ने 'बिहार शिक्षा एक्सप्रेस' पहल की।

  3. यह नवाचार बच्चों को आकर्षित कर पढ़ाई को रुचिकर बना रहा है।

संवाद सूत्र, परबत्ता (खगड़िया)। Khagaria School Train Look:बिहार में शिक्षा के क्षेत्र में नवाचार की एक और सुखद तस्वीर सामने आई है। यह तस्वीर सिर्फ पठन-पाठन तक ही सीमित नहीं है, बल्कि भवन और वर्ग कक्षों के आकर्षक स्वरूप में भी झलक रही है। परबत्ता नगर पंचायत के करना गांव स्थित मुकेश प्राथमिक विद्यालय, रामभज नगर इन दिनों अपने अनोखे रंग-रूप के कारण पूरे जिले में चर्चा का विषय बना हुआ है।

विद्यालय प्रशासन की एक अभिनव पहल के बाद सरकारी स्कूल की दीवारें अब दूर से देखने पर किसी रेलवे स्टेशन पर खड़ी ट्रेन के डिब्बे जैसी नजर आती हैं। इस अनोखे बदलाव का पूरा श्रेय विद्यालय के प्रधान शिक्षक हिमांशु शेखर झा को जाता है, जिन्होंने अपनी रचनात्मक सोच से विद्यालय भवन की दीवारों को ट्रेन की बोगी जैसा आकर्षक स्वरूप प्रदान किया है।

दीवार पर 'बिहार शिक्षा एक्सप्रेस' लिखा हुआ है और 'C-4' जैसे कोच नंबर भी अंकित हैं। यह अनोखा रंग-रूप न केवल बच्चों को आकर्षित कर रहा है, बल्कि स्थानीय लोगों और राहगीरों का भी ध्यान अपनी ओर खींच रहा है।

Khagaria School Transforms into Bihar Shiksha Express'Train (1)

शिक्षा को रोचक बनाने का अनोखा प्रयास

विद्यालय भवन को आकर्षक बनाने के पीछे का मुख्य उद्देश्य बच्चों के लिए स्कूल के माहौल को रुचिकर और आनंददायक बनाना है। रंग-बिरंगे स्वरूप में सजा यह विद्यालय बच्चों के बीच खासा आकर्षण पैदा कर रहा है। स्कूल प्रशासन की इस पहल की स्थानीय स्तर पर भी काफी चर्चा हो रही है और लोग इसकी सराहना कर रहे हैं। शिक्षक का मानना है कि पढ़ाई के लिए माहौल का आनंददायी होना अत्यंत आवश्यक है।

'बिहार शिक्षा एक्सप्रेस' : एक नज़र में

  • विद्यालय का नाम: मुकेश प्राथमिक विद्यालय, रामभज नगर, करना।

  • स्थान: करना गांव, नगर पंचायत परबत्ता, खगड़िया, बिहार।

  • पहलकर्ता: हिमांशु शेखर झा (प्रधान शिक्षक)।

  • उद्देश्य: शिक्षा को आनंददायी बनाना, बच्चों का नामांकन और उपस्थिति बढ़ाना।

  • स्थिति: वर्तमान में करीब 130 छात्र-छात्राएं नामांकित हैं, जिनमें प्रधान शिक्षक समेत चार शिक्षक कार्यरत हैं।

विद्यालय के प्रधान शिक्षक हिमांशु शेखर झा ने बताया, "पठन-पाठन को लेकर माहौल आनंददायी होना चाहिए। इससे बच्चों की पाठ्यक्रम को ग्रहण करने की क्षमता विकसित होती है और विद्यालय के प्रति उनमें आकर्षण पैदा होता है। हमारा प्रयास है कि बच्चे स्कूल आने के लिए उत्सुक रहें और खुशी-खुशी पढ़ाई करें।

इस पहल से बच्चों की उपस्थिति बढ़ाने और शिक्षकों पर भी सकारात्मक असर पड़ने की उम्मीद है।" मुकेश प्राथमिक विद्यालय रामभज नगर, करना में वर्तमान में करीब 130 छात्र-छात्राएं नामांकित हैं, जिन्हें प्रधान शिक्षक समेत चार शिक्षक शिक्षा प्रदान कर रहे हैं। यह नवाचार सरकारी शिक्षा व्यवस्था में सकारात्मक बदलाव की एक नई किरण जगाता है।

यह भी पढ़ें- गंगा की बाढ़ से घिरे बिहार के कई स्कूल, खगड़िया में हजारों छात्रों की पढ़ाई ठप