विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'पति को छोड़ मुझसे शादी कर लो'... सारण की महिला सिपाही से खगड़िया के युवक ने ऐंठे 11 लाख; पटना से भी जुड़ा है कनेक्शन

Published: Mon, 05 Oct 2026 09:34 AM (IST)

खगड़िया में एक युवक ने महिला पुलिसकर्मी को आपत्तिजनक वीडियो वायरल करने की धमकी देकर 10.83 लाख रुपये ठगे और ...और पढ़ें

ब‍िहार की मह‍िला पुलि‍सकर्मी से आपत्तिजनक वीडियो से ब्लैकमेल। प्रतीकात्‍मक तस्‍वीर

ब‍िहार की मह‍िला पुलि‍सकर्मी से आपत्तिजनक वीडियो से ब्लैकमेल। प्रतीकात्‍मक तस्‍वीर

HighLights

  1. महिला पुलिसकर्मी को आपत्तिजनक वीडियो से ब्लैकमेल किया गया।

  2. आरोपी ने 10.83 लाख रुपये ठगे, शादी का दबाव बनाया।

  3. पसराहा पुलिस ने आरोपी अमन राज को गिरफ्तार किया।

जागरण संवाददाता, खगड़िया। खगड़िया जिले के पसराहा थाना क्षेत्र से खाकी को ही ब्लैकमेल कर लाखों रुपये ऐंठने का एक बेहद सनसनीखेज मामला उजागर हुआ है। सारण जिले में पदस्थापित एक महिला पुलिसकर्मी को उसका आपत्तिजनक वीडियो प्रसारित करने की धमकी देकर एक युवक ने 10 लाख 83 हजार रुपये ठग लिए। पीड़िता की शिकायत पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पसराहा थाना पुलिस ने नामजद आरोपित अमन राज को गिरफ्तार कर लिया है।

मूल रूप से पटना जिले की रहने वाली और वर्तमान में सारण जिले में तैनात महिला पुलिसकर्मी ने पसराहा थाने में शनिवार को लिखित तहरीर देकर आपबीती सुनाई। पीड़िता के अनुसार, वर्ष 2022 में जब वह पटना में रहकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रही थी, उसी दौरान उसकी जान-पहचान खगड़िया के पसराहा थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी अमन राज से हुई थी।

धीरे-धीरे दोनों के बीच बातचीत और मिलना-जुलना बढ़ा। आरोप है कि वर्ष 2023 में अमन राज ने उसकी मर्जी के खिलाफ शारीरिक संबंध बनाए और धोखे से उसका आपत्तिजनक व निजी वीडियो रिकॉर्ड कर लिया।

वीडियो हटाने के नाम पर किस्तों में ऐंठे 10.83 लाख रुपये

पीड़िता का आरोप है कि वीडियो बनाने के बाद अमन राज का असली चेहरा सामने आया। वह लगातार वीडियो को इंटरनेट व समाज में वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेल करने लगा। वीडियो को नष्ट और डिलीट करने के नाम पर उसने यूपीआई (UPI) के माध्यम से किस्तों में कुल 10 लाख 83 हजार रुपये ऐंठ लिए।

जब पीड़िता आर्थिक व मानसिक रूप से पूरी तरह टूट गई और उसने कानूनी कार्रवाई व केस दर्ज कराने की चेतावनी दी, तो आरोपित ने दबाव में आकर 3 लाख 90 हजार रुपये वापस कर दिए। हालांकि, शेष बची रकम लौटाने के नाम पर वह फिर से वीडियो वायरल कर परिवार व समाज में बदनाम करने की धमकी देने लगा।

शादी के बाद भी नहीं रुका जुल्म, पति को छोड़ने का दबाव

महिला पुलिसकर्मी की शादी 6 जुलाई 2026 को पसराहा थाना क्षेत्र के ही एक युवक के साथ संपन्न हुई थी। पीड़िता का कहना है कि विवाह के बाद भी अमन राज की हरकतों और धमकियों का सिलसिला नहीं थमा। वह लगातार उस पर दबाव बना रहा था कि वह अपने पति को छोड़ दे और उससे शादी कर ले। ऐसा न करने पर ससुराल और गांव में वीडियो प्रसारित कर वैवाहिक जीवन बर्बाद करने की धमकी दी जा रही थी। अंततः तंग आकर पीड़िता ने पुलिस की शरण ली।

यह भी पढ़ें- खगड़िया में जिस सीढ़ी के गिरने से छात्रा की हुई मौत, HM ने पहले ही दी थी रिपोर्ट; BRC दबाए बैठा रहा आवेदन, DM नाराज

"महिला पुलिसकर्मी के आवेदन के आधार पर पसराहा थाने में सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए नामजद आरोपित अमन राज को गिरफ्तार कर लिया गया है। उससे गहन पूछताछ की जा रही है और उसके पास से इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य व मोबाइल फोन की तकनीकी जांच कराई जा रही है। अग्रिम विधि सम्मत कार्रवाई जारी है।"

-

— राजीव रंजन, थानाध्यक्ष, पसराहा थाना (खगड़िया)