'ऊपर वाला भी इम्तिहान ले रहा है'
बाढ़ पैकेज फोटो = बारिश और तेज हवा के कारण बाढ़ पीड़ितों की बढ़ी परेशानी = प्लास्टिक के बने तंबू हवा में उड़े = प्रशासन की ओर से नहीं मिल रही है राहत संवाद सूत्र, गोगरी (खगड़िया):
खगड़िया। मौसम के बदले मिजाज ने शुक्रवार को बाढ़ पीड़ितों की परेशानी और बढ़ा दी। ऊपर वाला भी इम्तिहान ले रहा है। मालूम हो कि शुक्रवार की सुबह से ही तेज हवा के साथ रुक-रुक कर हो रही बारिश ने राहत व सहायता से वंचित बाढ़ से विस्थापित परिवारों का हाल बेहाल कर दिया। बताते चलें कि बाढ़ से विस्थापित दर्जनों परिवार गोगरी-नारायणपुर तटबंध समेत अन्य ऊंचे स्थानों पर शरण लिए हुए हैं। ये विस्थापित परिवार प्लास्टिक टांगकर किसी तरह से रह रहे हैं। इन्हें अब तक किसी भी प्रकार की सरकारी सहायता नहीं मिली है। तेज हवा के कारण कई विस्थापित के प्लास्टिक उड़ गए। बारिश से अस्थाई घर में रखे खाने-पीने के समान भी बर्बाद हो गए।
बौरना के मो. मोईन ने कहा कि ऊपर वाले भी इम्तिहान ही ले रहा है। बाढ़ के कारण विस्थापित हो किसी तरह तंबू में दिन काट रहे हैं। लेकिन, शुक्रवार की तेज हवा और बारिश ने हाल बेहाल कर दिया। कहा, सरकारी स्तर पर कोई सहायता नहीं मिली है। खाने-पीने की भी दिक्कत है। शारदा नगर से विस्थापित होकर जीएन तटबंध के पास शरण लिए माया देवी कहती हैं, प्रशासन की ओर से सहायता के नाम पर अब तक मात्र एक प्लास्टिक दिया गया है। प्लास्टिक टांगकर किसी तरह से रह रहे हैं। आज बारिश होने पर सारा पानी तंबू के अंदर प्रवेश कर गया।