दियारा में सड़क निर्माण कार्य पूर्ण नहीं होने से आक्रोश
खगड़िया। प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत दियारा क्षेत्र में बसी चार पंचायत रोहियार सरसवा बुच्चा व ठुठ्ठी मो
खगड़िया। प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत दियारा क्षेत्र में बसी चार पंचायत रोहियार, सरसवा, बुच्चा व ठुठ्ठी मोहनपुर पंचायत के लोगों के लिए आवागमन आज भी एक बड़ी समस्या बनी हुई है। सरकार की ओर से दियारा क्षेत्र के विकास के लिए कई योजनाएं चलाई जा रही है। लेकिन सभी योजनाएं या तो अपूर्ण है या फिर किसी विवाद के कारण आरंभ नहीं हो सका है। वर्ष 2011 के अक्टूबर माह में नवादा घाट से धमारा घाट स्टेशन तक बाद में कात्यायनी स्थान तक पीएमजीएसवाई सड़क निर्माण कार्य लगभग 13 किलोमीटर लंबाई में 16 करोड़ की लागत से राजा कंस्ट्रक्शन द्वारा आरंभ किया गया। लेकिन 2020 बीतने को है कार्य अबतक अपूर्ण ही है। जिसे लेकर लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। निर्माण कार्य को लेकर होता रहा है आंदोलन
उक्त सड़क निर्माण कार्य जल्द पूरा हो सके इसके लिए दियारावासी कई बार आंदोलन भी कर चुके हैं। जिला परिषद सदस्य मिथिलेश यादव के नेतृत्व में धमारा घाट स्टेशन पर रेल का चक्का भी जाम किया गया। लेकिन कार्य पूर्ण नहीं हो सका। जबकि विभागीय पदाधिकारियों व जिलाधिकारी की ओर से कार्य को जल्द पूरा करने का आश्वासन भी दिया गया। लेकिन विभाग की उदासीनता व संवेदक की लापरवाही के कारण सड़क निर्माण कार्य पूर्ण नहीं हो सका। प्रसिद्ध कात्यायनी स्थान तक जाना होगा सुलभ
लोगों का कहना है कि उक्त सड़क के निर्माण हो जाने के बाद क्षेत्र का महत्वपूर्ण धार्मिक स्थल मां कात्यायनी स्थान सीधा सड़क संपर्क से जुड़ जाएगा। श्रद्धालु आसानी से उक्त स्थल तक पहुंच सकेंगे। इसके अलावा इस क्षेत्र के लोग अपने अनाज को भी ससमय बाजार ले जाकर बेच कर लाभ कमा सकेंगे। साथ ही आसानी पूर्वक सुरक्षित यात्रा कर सकेंगे। लोगों का कहना है कि सड़क निर्माण कार्य पूर्ण नहीं होने से बरसात के मौसम में सड़क पर चलना भी मुश्किल हो जाता है। इसके अलावा बाढ़ आने पर लोगों के लिए नाव से ही आवागमन एक मात्र विकल्प बच जाता है।
''बाढ़ के कारण सड़क को काफी क्षति पहुंची है। क्षति का आकलन कर डीपीआर तैयार किया जा रहा है। तत्पश्चात कार्य आरंभ किया जाएगा। संवेदक के रजिस्ट्रेशन को डीबार कर दिया गया है।''
कुलानंद यादव, कार्यपालक अभियंता, ग्रामीण कार्य विभाग गोगरी।